
अल्प वर्षा को देखते हुये नगर परिषद शाहपुर द्वारा जल बचाओ अभियान के अंतर्गत नलों में लगाई टोटियां
नगर में गहराते जल संकट को देखते हुए नगर परिषद शाहपुर द्वारा विशेष ‘‘हर नल में टोटी – जल बचाओ अभियान’’ चलाया गया। नगर परिषद अध्यक्ष महोदय की अध्यक्षता में, समस्त पार्षदगण, पार्षद प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकगण एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थिति में वार्ड क्रमांक 3, 4, 6, 7, 8, 12, 13, 14 एवं 15 का भ्रमण कर नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान जलप्रदाय प्रभारी, श्री चेतन महाजन एवं जलप्रदाय टीम श्री नानू पवार, श्री संतोष पाटील, श्री जितेन्द्र विष्वनाथ, श्री सुमित जैन, श्री भूषण फुलारी, श्री राहुल लांडे, श्री गजानन राउत, श्री जुबेर खान द्वारा सार्वजनिक नलों एवं निजी नल कनेक्षनों के अनुपयोगी नलों में जहां टोटियां नहीं लगी थीं, वहां नगर परिषद की टीम द्वारा तत्काल टोटियां लगाई गईं तथा नागरिकों को समझाईश दी गई कि खुले नल से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है।
अध्यक्ष श्रीमती साधना विरेन्द्र तिवारी ने कहा कि इस वर्ष अल्प वर्षा के कारण ट्यूबवेलों का जलस्तर लगातार गिर रहा है। यदि हम अभी नहीं जागे तो आने वाले दिनों में भीषण पेयजल संकट खड़ा हो सकता है। नगर के हर नागरिक को पानी बचाने में सहयोग करना होगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि यह अभियान सतत जारी रहेगा। जलप्रदाय टीम द्वारा नल कनेक्शन का निरीक्षण किया जा रहा है, बिना टोटी वाले कनेक्शन धारकों पर जुर्माने की कार्यवाही भी की जावेगी। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी अभियान की सराहना करते हुए जल बचाने का संकल्प लिया।
नगर परिषद शाहपुर की समस्त नागरिकों से अपील है –
1. अपने नल कनेक्शन में अनिवार्य रूप से टोटी लगाएं, नल खुला न छोड़ें।
2. घर के सामने व्यर्थ पानी फेंकना, सड़क पर वाहन धोना पूर्णतः बंद करें।
3. शौचालय, बाथरूम में बिना टोटी के नल का उपयोग न करें, लीकेज तुरंत ठीक करवाएं।
4. बच्चों को भी जल का महत्व समझाएं, बूंद-बूंद बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
5. जल है तो कल है – आज पानी बचाएंगे तभी शाहपुर का भविष्य सुरक्षित रहेगा।