जिले में प्रथम ताप्ती रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता संपन्न, जलगांव के गुणवंत कसार बने विजेता।
बुरहानपुर- बुरहानपुर प्लेयर्स एसोसिएशन द्वारा प्रथम ताप्ती रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन केन्द्रीय विद्यालय बुरहानपुर में किया गया।
प्रतियोगिता में कलेक्टर विवेक कुमार ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुमार ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का जायजा लेते हुए विद्यालय की शैक्षिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी लीं।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, खरगोन, जलगांव, भुसावल, रावेर एवं नंदुरबार सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 6 से 70 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
लोक सेवा प्रबंधक मनोज शंकपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जलगांव के गुणवंत कसार ने दोनों प्रारूपों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खंडवा के वैभव तोमर उपविजेता रहे। रैपिड वर्ग में खंडवा के अक्षय तोमर ने तीसरा स्थान वहीं ब्लिट्ज में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री सत्यम ठोंबरे तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन की जिम्मेदारी निर्णायक श्री कपिल पंड्या ने निभाई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सागर पाहुजा ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को उचित मंच प्रदान कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष श्री भूपेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष श्री सत्यम ठोंबरे, सह-सचिव सुश्री शबाना बैदी, सह-सचिव श्री अब्दुल राशिद अंसारी, श्री जय बजाज, श्री अनमोल मोहनानी, श्री अमन बजाज, श्री गिरीश सोनवाने एवं श्री लोकेश महाजन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।