दीपावली से शुरू हुआ काम अब तक अधूरा! 16.82 करोड़ की सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर सांसद सख्त, अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश।

Spread the love

सांसद-महापौर ने रात में निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, धीमी गति पर जताई नाराजगी।

 

– सिंधी बस्ती चौराहे पर पहुंचकर देखा निर्माण कार्य
– 16.82 करोड़ की सड़क का काम धीमा, जाम और दुर्घटनाओं की आशंका के बीच अधिकारियों को तेजी और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश।

 

बुरहानपुर शहर के व्यस्ततम सिंधी बस्ती चौराहे पर निर्माणाधीन सीसी रोड की धीमी गति से आम नागरिकों को हो रही परेशानी को सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने गंभीरता से लिया।

नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार रात करीब 8 बजे सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने चौराहे पर निर्माण कार्य की स्थिति देखी और यातायात की समस्या का जायजा लिया। मौके पर ही सांसद ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया और कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।

उल्लेखनीय है कि लालबाग रेलवे स्टेशन से शनवारा चौराहे तक करीब 16.82 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है। दीपावली जैसे बड़े पर्व के दौरान शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल सिंधी बस्ती चौराहे पर निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन इसकी गति बेहद धीमी बनी हुई है। अधूरे निर्माण के कारण प्रतिदिन यहां जाम की स्थिति बन रही है। वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं यातायात के भारी दबाव के बीच दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
*मौके से ही कार्यपालन यंत्री को लगाया फोन*
स्थिति का जायजा लेने के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री पदमा रेखा श्रीवास्तव को मौके से ही फोन लगाया। सांसद ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान शुरू किया गया चौराहे का निर्माण अब तक अधूरा है। यह शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां यातायात का दबाव लगातार बना रहता है।

 

निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लेने वाली एजेंसी के कामकाज पर विभागीय अधिकारियों की नियमित निगरानी होनी चाहिए थी। आखिर निर्माण कार्य की प्रगति की मॉनिटरिंग किस स्तर पर की जा रही है?महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने भी निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता जताते हुए कहा कि सिंधी बस्ती चौराहा शहर का प्रमुख और अत्यंत व्यस्त मार्ग है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है। निर्माण कार्य में देरी से व्यापारियों, वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने और नागरिकों को जल्द राहत दिलाने की बात कही।

*काम में तेजी लाएं, नागरिकों को राहत दें*

 

सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, नियमित रूप से स्थल निरीक्षण किया जाए और काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो। विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधा देना है, न कि उन्हें लंबे समय तक परेशानी में रखना। सड़क निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान पूर्व महापौर अतुल पटेल, जिला पंचायत सदस्य अनिल राठौर, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील एवं आदित्य प्रजापति भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *