समय-सीमा की बैठक संपन्न
कलेक्टर ने अभियानों एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा कर नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
बुरहानपुर सोमवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने सेवा संकल्प अभियान, जनविश्वास अभियान, समय-सीमा पत्रकों, परख एप निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा की। लेख है कि संयुक्त जिला कार्यालय में समय-सीमा की बैठक लेते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की एवं लक्ष्य अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिये। बैठक में जन्म-मृत्यु प्रकरण, अनुग्रह सहायता प्रकरण, भू-आवंटन सहित अन्य प्रकरणों का समीक्षात्मक जायजा लिया। नगर में लिफ्ट की जांच हेतु नगर निगम, अवैध उत्खनन एवं शराब के विरूद्ध व्यवस्थित कार्य योजना के साथ कार्य करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों के प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अमले के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की बात भी कही। साथ ही विभागीय योजनाओं एवं अभियानों के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा गया। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद थे।