मां की सलामती के लिए 8 हजार किमी की दौड़! शाहपुर पहुंचने पर मोनू का अर्चना चिटनिस ने किया स्वागत

Spread the love

मां की सलामती के लिए 8 हजार किमी दौड़ रहे मोनू का मध्य प्रदेश में प्रवेश, बुरहानपुर के शाहपुर में अर्चना चिटनिस ने किया स्वागत।

बुरहानपुर। मां के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना लेकर 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए करीब 8 हजार किलोमीटर की दौड़ यात्रा पर निकले बिहार के अररिया जिले के 19 वर्षीय मोनू मेटुरबाला का मध्य प्रदेश में प्रवेश के बाद बुरहानपुर के शाहपुर पहुंचने पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने आत्मीय स्वागत किया। मां के प्रति समर्पण और भगवान शिव में आस्था के साथ यात्रा कर रहे मोनू ने बुरहानपुर को स्वच्छ विधानसभा बनाने के लिए श्रीमती अर्चना चिटनिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान की सराहना की।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश से प्रेरित होकर श्रीमती अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी से प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने मोनू को स्टील के ग्लास में नारियल पानी पिलाया और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का संदेश दिया।

श्रीमती अर्चना चिटनिस एवं वीरेंद्र तिवारी ने जब मोनू को शाहपुर नगर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल की जानकारी दी, तो उन्होंने उत्साहपूर्वक इसकी सराहना की। मोनू ने आह्वान किया कि हर नगर और गांव को स्वच्छ बनाने के साथ सिंगल यूज प्लॉस्टिक से मुक्ति के लिए भी जन-जन का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए स्वच्छता का संकल्प लिया।

मोनू ने मार्च 2026 में अपनी यात्रा शुरू की थी। मां की तबीयत खराब होने पर उन्होंने भगवान शिव से उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन दौड़कर करने का संकल्प लिया। मां की सेहत में सुधार के बाद वे इस संकल्प को पूरा करने के लिए यात्रा पर निकल पड़े। प्रतिदिन लगभग 50 किलोमीटर दौड़ने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे मोनू की यह यात्रा मातृभक्ति, आस्था और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण है।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मोनू की यात्रा की सफलता तथा उनकी माता के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर रवि जैन, विनोद चौधरी, देवानंद पाटिल, योगेश चौधरी, शेख ताजू, विजय दौडे़ एवं निलेश राठौर सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *