बुरहानपुर को बड़ी राहत! झिरी-शाहपुर बायपास पर दौड़े वाहन, शहर को भारी ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति

Spread the love

बुरहानपुर को भारी ट्रैफिक से मिली बड़ी राहत

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने झिरी-शाहपुर बायपास पर वाहनों का आवागमन कराया शुरू

 

– गणपति नाका-शनवारा डिवाइडर निर्माण को भी मिलेगी गति

– खातला फाटे पर सुरक्षित जंक्शन के लिए एनएचएआई को समय रहते स्थायी समाधान निकालने को कहा

– निम्बोला में नए ब्रिज का काम शुरू

बुरहानपुर। जिलेवासियों के लिए रविवार का दिन एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर झिरी से शाहपुर के बीच नए बायपास मार्ग पर वाहनों का औपचारिक आवागमन शुरू हो गया है। खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने नए हाईवे का निरीक्षण कर आवागमन का शुभारंभ किया। इस बायपास के शुरू होने से शहर के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। सांसद ने क्षेत्रवासियों को नए हाईवे की सौगात के लिए बधाई देते हुए कहा कि फिलहाल इस मार्ग पर अस्थायी रूप से वाहनों का आवागमन शुरू किया गया है। शेष निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद हाईवे को पूरी तरह शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र को मिली इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

शहर के भीतर घटेगा भारी ट्रैफिक का दबाब

झिरी, निम्बोला और बुरहानपुर शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों के बायपास से डायवर्ट होने से शहर के भीतर यातायात सुगम होंगा । इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी राहत मिली है। सांसद ने कहा कि भारी ट्रैफिक का दबाव कम होने से गणपति नाका से शनवारा चौराहे तक धीमी गति से चल रहे डिवाइडर व रोड निर्माण कार्य में तेजी आएगी, जिससे शहर का मुख्य मार्ग व्यवस्थित होगा। वही नए हाईवे से किसानों को अपनी उपज लाने-ले जाने में आसानी होगी। मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुगम होने से व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

निम्बोला में नए ब्रिज का कार्य शुरू

सांसद पाटील ने बताया कि निम्बोला में अंग्रेजों के जमाने की पुरानी और संकरी पुलिया के स्थान पर नए चौड़े ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। उल्लेखनीय है की कुछ दिन पूर्व ही सांसद और नेपानगर विधायक मंजू दादू ने इस पुलिया का निरीक्षण कर जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे।

खातला फाटे पर स्थायी समाधान के निर्देश

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ खातला फाटे का निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि खातला फाटे से कई गांव जुड़े हैं और रोज बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।

 

खातला फ़ाटे से हाईवे पर सीधा उतरने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेंगी वही खंडवा से खातला जाने वाले लोगों को लंबी दूरी तय करना पडेगी। सांसद ने एनएचएआई के अधिकारियों से कहा की आम लोगों की सुविधा हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष बिरला, पूर्व महापौर अनिल भोसले, सेवा संकल्प अभियान के संयोजक मनोज टंडन, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील, महामंत्री ईश्वर चौहान, जिला पंचायत सदस्य दिलीप पवार, युवा नेता जय पाटील, ईश्वर केथवास, दीपक पाटील, विनोद केथवास, युवा मोर्चा महामंत्री अमित बारूडे, पार्षद राजेश महाजन, अमित नवलखे,नितिन महाजन सहित एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *