जनसुनवाई में कलेक्टर विवेक कुमार सख्त! 119 शिकायतों पर सुनवाई, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

Spread the love

जनसुनवाई में कलेक्टर ने गंभीरता से सुनीं आवेदकों की समस्याएं

आवेदनों पर त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश।

 

बुरहानपुर/ शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। जनसुनवाई के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों से आने वाले नागरिक अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखते हैं। इसी क्रम में आज आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से चर्चा कर उनकी समस्या की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान लगभग 119 आवेदनों पर सुनवाई की गई।

कलेक्टर श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का विभागवार परीक्षण करते हुए नियमानुसार उचित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें सुशासन के अनुरूप सेवाएं मिल सकें। जनसुनवाई में रास्ता विवाद, अतिक्रमण, मूलभूत सुविधाएं, पेंशन, नगर निगम, राजस्व, आबकारी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अतिक्रमण एवं रास्ता विवाद की शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदारों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खकनार तहसील क्षेत्र से संबंधित रास्ता विवाद के प्रकरण में भी वस्तुस्थिति की जांच कर नियमानुसार निराकरण करने को कहा।

एक प्रकरण में आवेदिका की संपत्ति विवाद को लेकर की शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच करने तथा तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *