बालापाठ में स्वामित्व योजना को बड़ी सफलता, 131 में से 109 हितग्राहियों की रजिस्ट्रियां पूरी – विधायक मंजू दादू

Spread the love

ग्राम बालापाठ में स्वामित्व योजना के तहत 109 हितग्राहियों की रजिस्ट्रियां पूर्ण – विधायक मंजू दादू

– संत सिंगाजी महाराज मंदिर में दर्शन के बाद कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचीं विधायक

– 131 आवेदकों में से 109 की रजिस्ट्री पूर्ण, 83.20 प्रतिशत रहा पंजीयन

बुरहानपुर। नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बालापाठ में शुक्रवार को स्वामित्व अधिकार निष्पादन एवं पंजीयन-2026 के अंतर्गत पंजीकृत स्वामित्व दस्तावेजों के रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक मंजू दादू शामिल हुईं। उन्होंने सर्वप्रथम संत सिंगाजी महाराज मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात कलश यात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। इस अवसर पर विधायक मंजू दादू ने हितग्राही श्री तारासिंग गंगाराम एवं श्री कृष्णा गंगाराम की ऑनलाइन रजिस्ट्री की प्रक्रिया कार्यक्रम स्थल से पूर्ण कराई। ग्राम बालापाठ में स्वामित्व योजना के अंतर्गत कुल 131 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 109 हितग्राहियों की रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है। इस प्रकार गांव में 83.20 प्रतिशत पंजीयन का कार्य संपन्न हुआ है।

भारत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

उद्बोधन में विधायक मंजू दादू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई स्वामित्व योजना ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी इस योजना को प्रभावी ढंग से गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वर्षों से जिस आवासीय संपत्ति पर ग्रामीण परिवार निवास कर रहे थे, अब उन्हें उसका वैधानिक दस्तावेज और कानूनी अधिकार मिल रहा है। इससे ग्रामीणों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपनी संपत्ति का उपयोग आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति के लिए भी कर सकेंगे। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे संपत्ति पर उनके अधिकारों को कानूनी मान्यता मिलने के साथ ही भविष्य में संपत्ति संबंधी विवादों से बचाव और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ, नेपानगर प्रभारी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत खकनार, तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *