भाजपा केंद्रीय संगठन का मंजू दादू पर बड़ा भरोसा! यूपी की दिबियापुर विधानसभा की सौंपी अहम जिम्मेदारी, सात दिवसीय प्रवास पर संभाला मोर्चा

Spread the love

भाजपा केंद्रीय संगठन ने विधायक मंजू दादू को सौंपी उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, दिबियापुर में संभाला मोर्चा

– सात दिवसीय प्रवास पर पहुंचते ही ग्राउंड जीरो पर सक्रिय, गांव-गांव जनसंपर्क और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटीं

– आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, बूथ अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं से कर रहीं सीधा संवाद

– राष्ट्रीय मंच से यूपी तक, मंजू दादू को मिलीं बड़ी जिम्मेदारियां

बुरहानपुर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन ने नेपानगर विधायक मंजू दादू पर भरोसा जताते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश के जिला औरैया की दिबियापुर विधानसभा क्रमांक 203 में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर मिली इस जिम्मेदारी को लेकर विधायक मंजू दादू सात दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास पर हैं।जिम्मेदारी मिलते ही उन्होंने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाते हुए सीधे ग्राउंड जीरो पर उतरकर संगठनात्मक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क, बूथ अध्यक्षों के साथ बैठकें और विभिन्न वर्गों से संवाद कर वे संगठन की जमीनी स्थिति समझने के साथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटी हैं।

गांवों में पहुंचकर परख रहीं जमीनी स्थिति

दिबियापुर विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 127 स्थित प्राथमिक विद्यालय सेहद में विधायक मंजू दादू ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 एवं 3 की कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से विस्तारपूर्वक चर्चा की। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, हितलाभ और उन्हें आ रही समस्याओं की जानकारी ली। महिलाओं से मिले सुझावों और समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से भी चर्चा की।

बूथ अध्यक्षों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद

विधायक दादू ने ग्राम बूढ़ादाना में बूथ अध्यक्ष धनवीर सिंह के निवास पर पहुंचकर संगठनात्मक चर्चा की। ग्राम रोहेरी के शक्ति केंद्र जोहरा अंतर्गत बूथ क्रमांक 214 पर बूथ अध्यक्ष सतीश कुमार के निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र, सुभाष तिवारी, सुरेश राजावत एवं भगवान जी से भी भेंट की। ग्राम रोहेरी में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामचन्द निषाद से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। वहीं ग्राम जमुहां में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विजय वर्मा एवं समाजसेवी राजकुमार दिवाकर के निवास पर पहुंचकर संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की।

कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाना प्राथमिकता

विधायक मंजू दादू ने कहा कि संगठन की असली शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और बूथ स्तर पर उनकी सक्रियता है। जनसंवाद, वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क से संगठन को नई मजबूती मिलती है।

राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा मंजू दादू का कद

उल्लेखनीय है कि विधायक मंजू दादू ने हाल ही में 17 एवं 18 नवंबर को बेंगलुरु के विधान सौध में आयोजित प्रथम राष्ट्रमंडल महिला संसद भारत क्षेत्रीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला द्वारा शुभारंभ किए गए इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर की लगभग 135 महिला सांसदों एवं विधायकों ने सहभागिता की थी। मध्यप्रदेश से केवल तीन महिला विधायकों को इस सम्मेलन में शामिल होने का अवसर मिला था, जिनमें मंजू दादू भी शामिल थीं। राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब भाजपा केंद्रीय संगठन ने उन्हें उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की दिबियापुर विधानसभा की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। लगातार मिल रही इन महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के साथ मंजू दादू राष्ट्रीय स्तर पर महिला नेतृत्व और पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज करा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *