बुरहानपुर-नेपानगर-खंडवा के यात्रियों की नागपुर-महाराष्ट्र से सीधी रेल कनेक्टिविटी फिर शुरू होगी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के प्रयास रंग लाए
– भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति
– लोकसभा में आवाज उठाई, रेल मंत्री से मुलाकात और लगातार पत्राचार के बाद मिली स्वीकृति
– नेपानगर में कोरोना काल से बंद ट्रेनों के स्टॉपेज पुनः शुरू हों, इसके लिए भी सांसद हैं प्रयासरत
बुरहानपुर। बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा के यात्रियों को नागपुर एवं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से सीधी रेल कनेक्टिविटी फिर मिलने जा रही है। कोरोना काल के दौरान बंद हुई नागपुर-भुसावल दादाजी धाम एक्सप्रेस के पुनः संचालन की लंबे समय से चली आ रही मांग पर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के निरंतर प्रयास से महत्वपूर्ण निर्णय हुआ है। केंद्रीय रेल मंत्रालय ने भुसावल से नागपुर के बीच गाड़ी संख्या 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है। यह ट्रेन बुरहानपुर, नेपानगर, खंडवा एवं तलवड़िया होकर चलेगी। इससे निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों को नागपुर तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से खंडवा स्थित दादाजी धाम आने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन भी आसान होगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए डीआरयूसीसी (मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति), भुसावल मंडल के सदस्य पंकज नाटानी ने बताया कि भुसावल-नागपुर के बीच गाड़ी के संचालन को स्वीकृति मिल गई है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी ने सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील को पत्र के माध्यम से जानकारी दी है।
*लोकसभा में उठाई आवाज, रेल मंत्री से मुलाकात और लगातार पत्राचार का मिला परिणाम*
कोरोना काल से पहले संचालित नागपुर-भुसावल दादाजी धाम एक्सप्रेस बुरहानपुर, नेपानगर, खंडवा सहित अनेक क्षेत्रों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवा थी। इसके बंद होने से नागपुर और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र तक सीधी रेल सुविधा प्रभावित हुई थी। इस मांग को लेकर क्षेत्रवासी लगातार आवाज उठा रहे थे। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने इस विषय को लोकसभा में प्रमुखता से उठाया और रेल मंत्री के समक्ष भी यात्रियों की परेशानी रखी। उन्होंने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से मुलाकात कर इस रेल सेवा की आवश्यकता बताई तथा लगातार पत्राचार के माध्यम से मांग को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में 26 जून 2026 को उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर भुसावल-खंडवा-इटारसी-बैतूल मार्ग पर नई रेलगाड़ी चलाने का आग्रह किया था। रेल मंत्री ने इस दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिया था। अब भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस को मिली स्वीकृति सांसद के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
*नागपुर तक चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार और रोजगार के लिए मिलेगी बेहतर सुविधा*
इस रेल सेवा से बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा के यात्रियों को नागपुर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। नागपुर में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों, उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण साबित होगी। बैतूल और आसपास के क्षेत्रों में उपचार के लिए जाने वाले मरीजों को भी इस मार्ग से सुविधा मिलेगी। वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से खंडवा स्थित दादाजी धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा। यह रेल सेवा निमाड़ और महाराष्ट्र के बीच यात्री संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ट्रेन के नियमित परिचालन की तारीख और समय-सारणी रेलवे प्रशासन द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने इस रेल सुविधा की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति आभार व्यक्त किया है। क्षेत्रवासियों और रेलवे संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए सांसद के प्रयासों के लिए उनका आभार माना है। उल्लेखनीय है कि सांसद श्री पाटील अपने कार्यकाल में खंडवा लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं। उनके प्रयासों से बुरहानपुर, नेपानगर और खंडवा रेलवे स्टेशनों पर अब तक बड़ी संख्या में ट्रेनों के ठहराव स्वीकृत हुए हैं।