नैतिकता और ईमानदारी से ही सशक्त होगा राष्ट्र : विनीत कुमार
नेपा लिमिटेड में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शालेय विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ..
केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के निर्देशन में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम नेपा लिमिटेड द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “जागरूकता हमारी साझा जिम्मेदारी” के अंतर्गत संस्थान स्तर पर प्रशिक्षण शिविर, संवाद एवं जनजागृति कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
इसी क्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी विनीत कुमार, भारतीय राजस्व सेवा एवं उनकी टीम ने नगर पालिका परिषद नेपानगर तथा नगर के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नगरपालिका कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और नैतिक आचरण का संदेश दिया।
उन्होंने सिटीजन हायर सेकेंडरी स्कूल, पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, ठाकुर वीरेंद्र कुमार सिंह मेमोरियल स्कूल तथा केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें ईमानदारी व सजग नागरिकता का संकल्प दिलाया।
विद्यालयों में निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने “ईमानदारी और नैतिकता” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही नैतिकता और अच्छे आचरण पर आधारित पुस्तिकाएँ विद्यार्थियों को पढ़ाई गईं। शिक्षकों से भ्रष्टाचार निवारण पर कविताएँ और लेख प्राप्त किए गए, जिनके माध्यम से बच्चों में नैतिक चेतना और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
संवाद कार्यक्रम के पश्चात नगरपालिका परिषद परिसर में परिषद की अध्यक्षा भारती विनोद पाटिल की उपस्थिति में नगरपालिका कर्मचारियों, विद्यालय प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहन सिंह अलावा, अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य वंदना जवादे, शुभांगी पाटिल, अरुण महाजन, देवेंद्र चौरे, राम अवतार यादव, सिटीजन शाला के अध्यक्ष अर्जुनदास शाह सहित शिक्षक सुदर्शन सेठी, हेमलता अग्रवाल, अरुण चौधरी, रमा पवार, सरिता मालवीय, भगवतीलाल भील, लतीश मोरे, फरहा खान, भीमप्प डी, कविता नागर, जीतेंद्र मस्के, सईद साकिर, मनीष सर्वे, लेटिष मोरे एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।