शिक्षा के साथ संस्कारों की झलक पिंपलगांव काले के उर्दू विद्यालय में वार्षिक कार्यक्रम रहा ऐतिहासिक

Spread the love

नन्हे कलाकारों ने बिखेरा हुनर का उजास,प्रतिभा, अनुशासन और संस्कृति का संगम।

जिला परिषद उर्दू उच्च प्राथमिक विद्यालय पिंपलगांव काले में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दिल

 

बुलढाणा जिले के जळगांव जामोद तालुका अंतर्गत जिला परिषद उर्दू उच्च प्राथमिक विद्यालय, पिंपलगांव काले में दिनांक 31 जनवरी 2026 को वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण, अनुशासित एवं हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम विद्यालय के कार्यक्षम एवं उच्च श्रेणी के मुख्याध्यापक इकरार हुसैन आज़ाद सर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष श्री शेख रफीक शेख करीम ने की। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र किफायत उल्ला द्वारा मधुर कुरआन पाठ से हुई। इसके पश्चात छात्रा इफ्तत जहाँ शेख फैय्याज ने प्रभावी प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का सशक्त एवं सुव्यवस्थित संचालन अफज़ल हुसैन सर ने किया। तकनीकी विभाग की जिम्मेदारी एजाजुल्लाह खान सर ने संभाली, जिन्होंने वीडियो ग्राफिक्स एवं वीडियो एडिटिंग का कार्य कुशलतापूर्वक संपन्न किया। गीत-संगीत संयोजन की जिम्मेदारी तौसीफ खान सर ने निभाई। संपूर्ण कार्यक्रम के प्रबंधन एवं देखरेख की जिम्मेदारी म. अलीम इस्माईल सर, वसीम जिलानी सर एवं अफसर सर ने सफलतापूर्वक निभाई। वहीं रोख पुरस्कारों की संधारण एवं नोंद सरफराज तनवर सर द्वारा की गई।

इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों के रूप में सरपंच श्री अशोक वासुदेव ढोळे, बी.एस. पाटील कॉलेज के सचिव, तथा केंद्र प्रमुख श्री ठोंबरे सर उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य, विद्यालय व्यवस्थापन समिति के सभी सदस्य एवं अध्यक्ष शेख रफीक शेख करीम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक करीम खान सर तथा सैयद मुबीन सर की उपस्थिति से कार्यक्रम को शैक्षणिक एवं बौद्धिक गरिमा प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में गांव के प्रतिष्ठित नागरिकों, अभिभावकों एवं विशेष रूप से महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जो समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों को उपस्थितों ने भरपूर सराहना दी। मान्यवर अतिथियों एवं अभिभावकों द्वारा विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर मदीहा फाज़ली (मुख्याध्यापक इकरार हुसैन आज़ाद सर की पुत्री) ने बालिकाओं के सशक्तिकरण विषय पर “टीका मेरे सपनों को तोड़ नहीं सकता” विषय पर अंग्रेज़ी एवं उर्दू भाषा में प्रभावशाली भाषण देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापक श्री इकरार हुसैन आज़ाद सर ने सभी मान्यवर अतिथियों, शिक्षकवर्ग, अभिभावकों एवं सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

यह वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण सिद्ध हुआ, साथ ही विद्यालय, शिक्षक और समाज के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक भी बना।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *