“हिंदी को लेकर सख्त निर्देश! नेपानगर में हुई बड़ी समीक्षा बैठक”

Spread the love

नेपानगर में राजभाषा समीक्षा बैठक: हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर।

 

गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की छमाही बैठक नेपा सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमडी नरेश सिंह, समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य महाप्रबंधक कार्य राम अलागेसन, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक जिनेंद्र अहिरवार तथा वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर सुने द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।

 

समिति के सचिव एवं वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार ने नगर स्थित केंद्रीय कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के उपयोग की पिछली छमाही की समीक्षा प्रस्तुत की।

 

मुख्य अतिथि सीएमडी नरेश सिंह ने हिंदी की सरलता, सहजता और व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी जनसंचार की सशक्त भाषा है। उन्होंने हिंदी बहुल क्षेत्र में भी समिति की सक्रियता को आवश्यक बताते हुए नियमित समीक्षा को कार्यसंस्कृति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

 

 

समिति के अध्यक्ष राम अलागेसन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दक्षिण भारतीय परिवेश में पले-बढ़े होने के बावजूद उन्होंने नेपानगर आकर हिंदी सीखी, जो इसकी सरलता और व्यापकता का प्रमाण है। भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक जिनेंद्र अहिरवार ने बैंकिंग क्षेत्र में हिंदी के बढ़ते उपयोग को रेखांकित किया।

 

वहीं तकनीकी सचिव प्रशांत सोनी ने आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में हिंदी की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उप प्रबंधक पावर हाउस स्वतंत्र कुमार कसेरा ने कार्य में हिंदी के अधिक उपयोग पर बल दिया।

 

 

जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार हर छह माह में समीक्षा बैठक आयोजित की जाती है, जिसमें नेपा लिमिटेड के साथ नेपानगर स्थित विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों जैसे भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, केंद्रीय विद्यालय, नेपानगर रेलवे स्टेशन, मुख्य डाकघर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित तथा दूरभाष केंद्र के प्रतिनिधि सहभागी होते हैं।

 

कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने किया और आभार औद्योगिक संरक्षा विभाग के वरिष्ठ परामर्शदाता किशन पटेल ने माना। बैठक में प्रबंधक पेपर मशीन केके देशमुख, प्रबंधक अनुरक्षण विजय चौधरी, प्रबंधक विद्युत किशोर महाजन, उप प्रबंधक पावर हाउस सीएन वर्मा, विभागाध्यक्ष वाणिज्य सुनील कुमार कुलथे, उप प्रबंधक सतर्कता विजेंद्र चौधरी, विभागाध्यक्ष कर्मचारी संबंध एवं कल्याण दिनेशचंद्र सोवले, उप प्रबंधक यांत्रिकी पिंटू कुमार, रामबिलास रघुवंशी, सुषमा गौर, मणिलाल पाटिल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *