चुनरी यात्रा 2026
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, शिव-नंदी, उड़ते हनुमान और जीवंत तुलजा भवानी ने मोहा मन
– चुनरी थामकर निकले सांसद, विधायक और महापौर सहीत भक्तजन आस्था के रंग में रंगा शहर
– सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और गजेंद्र पाटील के नेतृत्व में भव्य आयोजन, श्रद्धा और जनसहभागिता ने रचा नया इतिहास
– टूटे पिछले सभी रिकॉर्ड, उमड़ा जनसैलाब
– यात्रा के स्वागत में सजा पूरा मार्ग, घर-आंगन से सड़कों तक महिलाओं ने बनाई आकर्षक रंगोलियां
– शहरभर में स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा, सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने किया भव्य स्वागत
– चुनरी यात्रा की भव्यता और सफलता में गज्जू दादा मित्र मंडल का अहम योगदान, नरेंद्र पाटील,जय पाटील के शानदार प्रबंधन से दिखा आयोजन का भव्य स्वरूप
– खंडवा लोकसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
बुरहानपुर। आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति के अद्भुत संगम के बीच गुरुवार को बुरहानपुर से इच्छापुर स्थित मां इच्छादेवी मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। भाजपा युवा नेता गजेंद्र दिनकर पाटील (गजु दादा) के नेतृत्व में निकली 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। 23 किलोमीटर की इस पैदल यात्रा में धार्मिक झांकियों, ढोल-पथकों और मां के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। बुरहानपुर के इतिहास में पहली बार माँ इच्छा देवी के मंदिर व यात्रा में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।आसमान से बरसते फूलों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यात्रा में परम पूज्य दादागुरु का पहली बार बुरहानपुर आगमन भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
नवदुर्गा मंदिर में आरती के बाद रवाना हुई चुनरी यात्रा
गुरुवार सुबह फव्वारा चौक स्थित नवदुर्गा माता मंदिर में परम पूज्य दादागुरु महाराज ,सांसद ज्ञानेश्वर पाटील,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जयश्री ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, गजेंद्र पाटील,भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मनोज माने,यात्रा प्रभारी व पूर्व महापौर अनिल भोसले, अतुल पटेल,नरेंद्र पाटील, जय पाटील ने सामूहिक रूप से माता की आरती की। इसके बाद मातृशक्ति सहित श्रद्धालु 151 मीटर लंबी चुनरी लेकर मां इच्छादेवी के जयकारों के साथ इच्छापुर के लिए रवाना हुए।
उड़ते हनुमानजी का अद्भुत स्वरूप
यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। 25 फीट ऊंचे महादेव और नंदी महाराज के विराट स्वरूप ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया, वहीं आधुनिक तकनीक से तैयार उड़ते हनुमानजी की झांकी ने लोगों को रोमांचित किया।
बिना पलक झपकाए माता के स्वरूप में बैठी रही कन्या
मां तुलजा भवानी की झांकी में एक कन्या ने माता की वेशभूषा धारण कर जीवंत स्वरूप प्रस्तुत किया। वह कई घंटों तक माता के रूप में झांकी में बैठी रही और इस दौरान बिना पलक झपकाए अपने स्वरूप को बनाए रखा। कन्या की इस अद्भुत प्रस्तुति को देखने के लिए श्रद्धालुओं की निगाहें ठहर गईं। झांकी ने धार्मिक आस्था और समर्पण का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया। केरल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की झांकियों ने धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे। महाराष्ट्र की पंढरपुर वारकरी मंडली, 51 ध्वजों वाला विघ्नहर्ता पुरी ढोल पथक तथा अमलनेर के श्रीकृष्ण बैंड की प्रस्तुतियों ने यात्रा में विशेष ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
पहली बार बुरहानपुर पहुंचे दादागुरु
चुनरी यात्रा का प्रमुख आध्यात्मिक आकर्षण परम पूज्य दादागुरु का बुरहानपुर आगमन रहा। 17 अक्टूबर 2020 से नर्मदा जल पर आधारित निराहार साधना कर रहे दादागुरु की तपस्या और मां नर्मदा के प्रति उनकी आस्था श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय रही। इच्छापुर में मां इच्छादेवी को
विधि-विधान से चुनरी चढ़ाने के लिए यात्रा रवाना हुई।
गजु दादा के नेतृत्व में 12वें वर्ष निकली यात्रा
भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील के नेतृत्व में लगातार 12वें वर्ष आयोजित चुनरी यात्रा ने बुरहानपुर से इच्छापुर तक भक्ति और जनभागीदारी का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति गजेंद्र पाटील ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने धर्मप्रेमियों की सहभागिता को मां इच्छादेवी के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बताया। यात्रा में बड़वाह विधायक सचिन बिरला,मांधाता विधायक नारायण पटेल, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तंनवे,मप्र पावरलूम फेडरेशन अध्यक्ष जयंती नवलखे सहित बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए।