सड़क दुर्घटना में घायल को डायल-112 की तत्परता से मिला नया जीवन।

Spread the love

सड़क दुर्घटना में घायल को डायल-112 की तत्परता से मिला नया जीवन

 

बुरहानपुर जिले में डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना निंबोला क्षेत्र अंतर्गत एफआरवी-10 को सूचना मिली कि धुलकोट चौकी क्षेत्र के ग्राम हरदा में बस एवं मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई है, जिसमें मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है तथा उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा है।

 

सूचना मिलते ही एफआरवी-10 बिना विलंब के घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति की पुष्टि करते हुए तत्काल राहत कार्य प्रारंभ किया। घायल को प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धुलकोट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता बताई।

 

इसी दौरान 108 एम्बुलेंस के व्यस्त होने से संभावित विलंब को भांपते हुए एफआरवी स्टाफ ने मानवीय संवेदनाओं और कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए त्वरित निर्णय लिया और बिना समय गंवाए घायल को एफआरवी वाहन से जिला चिकित्सालय, बुरहानपुर पहुंचाया, जहां उसे तत्काल समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया।

 

इस सराहनीय एवं जीवनरक्षक कार्य में डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात महिला आरक्षक रंजू वास्केल, एफआरवी-10 के स्टाफ कांस्टेबल क्रमांक 475 तुकाराम एवं पायलट सतीश की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने सूझबूझ, साहस और तत्परता के साथ कार्य करते हुए एक अनमोल जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

पुलिस का संदेश:

बुरहानपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें। आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए बुरहानपुर पुलिस हर समय, हर परिस्थिति में आपके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *