सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और विधायक मंजू दादू सहित जनप्रतिनिधियों के प्रयास रंग लाए
मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव में सिंगल क्लिक से 8,115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये की राहत राशि अंतरित की
– प्राकृतिक आपदा से प्रभावित जिले के केला किसानों को मिली बड़ी राहत
– बुरहानपुर के इतिहास में पहली बार 8,963 हेक्टेयर प्रभावित क्षेत्र के किसानों को एक साथ मिली इतनी बड़ी राहत
बुरहानपुर। जिले के किसानों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक और राहत भरा रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअल माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के किसानों को संबोधित करते हुए प्राकृतिक आपदा से प्रभावित बुरहानपुर जिले के किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राहत राशि अंतरित की। जिले के 8,115 केला उत्पादक किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये की राहत राशि सीधे भेजी गई। यह सहायता 8,963 हेक्टेयर क्षेत्र में 29, 30 मई एवं 1 जून को आई आंधी, तूफान एवं बेमौसम बारिश से प्रभावित केले की फसल के नुकसान की भरपाई के लिए प्रदान की गई। बुरहानपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसानों को इतनी बड़ी राहत राशि एक साथ प्राप्त हुई है।
बुरहानपुर कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सांसद एवं विधायक के सतत प्रयासों से मिली किसानों को राहत
राहत राशि स्वीकृत कराने के पीछे सांसद ज्ञानेश्वर पाटील एवं नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेंद्र दादू सहित जनप्रतिनिधियों के लगातार किए गए प्रयास महत्वपूर्ण रहे। जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग स्तर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। जिला प्रशासन द्वारा सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद भी जनप्रतिनिधियों ने लगातार विषय का अनुसरण करते हुए किसानों को जल्द आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 107 करोड़ 72 लाख रुपये की राहत राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित कराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
सांसद ने व्यक्त किया आभार
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि बुरहानपुर का केला देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। प्राकृतिक आपदा के बाद किसानों को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हितों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि आज बुरहानपुर के 8,115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपये की राहत राशि सीधे अंतरित हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय को वे आगे भी पूरी मजबूती के साथ शासन स्तर पर उठाते रहेंगे।
विधायक दादू ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेंद्र दादू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर राहत राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि 107 करोड़ 72 लाख रुपये की यह सहायता किसानों के लिए नए कृषि सीजन की तैयारी में बड़ा संबल बनेगी। विधायक दादू ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार आगे भी किसानों के हितों की रक्षा के लिए इसी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीज, जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, फसल पोषण प्रबंधन तथा नवीन कृषि नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों का मार्गदर्शन किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।
किसानों ने मुख्यमंत्री, सांसद एवं जनप्रतिनिधियों का माना आभार
कार्यक्रम के अंत में जिले के केला उत्पादक किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक सुश्री मंजू राजेंद्र दादू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में मिली 107 करोड़ 72 लाख रुपये की यह राहत राशि उनके लिए नई उम्मीद लेकर आई है। किसानों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ किसान हितों की रक्षा करती रहेगी।