सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने बुरहानपुर पुलिस का 10 दिवसीय विशेष यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान प्रारंभ
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिलेभर में वाहन चेकिंग एवं जन-जागरूकता गतिविधियां।
बस स्टैंड पर यातायात विभाग द्वारा वाहन चालकों एवं आमजन को हेलमेट, सीटबेल्ट राहवीर ओर हिट एंड रन योजना एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति किया जागरूक।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा वाहन चालकों एवं आमजन में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बुरहानपुर पुलिस द्वारा दिनांक 28 सितम्बर 2026 से 10 दिवसीय विशेष यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान प्रारंभ किया गया है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं यातायात विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों की उपयोगिता समझाते हुए सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे एवं नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में यातायात विभाग द्वारा बुरहानपुर के बस स्टैंड परिसर में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बस चालकों, ऑटो एवं अन्य वाहन चालकों सहित आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। हेलमेट, सीटबेल्ट एवं यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को दो-पहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, चार-पहिया वाहन में सीटबेल्ट लगाने, वाहन की निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए समझाइश दी गई।
पुलिस द्वारा बताया गया कि यातायात नियम केवल चालान अथवा कार्रवाई से संबंधित नहीं हैं, बल्कि सड़क पर प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर परिणाम का कारण बन सकती है।
यातायात विभाग द्वारा वाहन चालकों को नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, ओवरलोडिंग से बचने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
बुरहानपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। दो-पहिया वाहन पर हेलमेट एवं चार-पहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा स्वयं के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा में सहभागी बनें।