बोरसल में किसानों के बीच पहुंचे सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बिजली बिलों की गड़बड़ी पर अधिकारियों को लगाई फटकार!

Spread the love

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बोरसल में सुनी किसानों की समस्या

कृषि पंपों के बिजली बिलों में तकनीकी विसंगति सुधारने के लिए अधीक्षण यंत्री को दिए निर्देश
जिले में ऐसी सभी शिकायतों का निराकरण करने को कहा

किसानों के बीच पहुँचकर सुनी समस्या
बुरहानपुर। क्षेत्र के अन्नदाताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सदैव तत्पर रहने वाले सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने ग्राम बोरसल पहुँचकर बिजली बिलों की विसंगति को लेकर आ रही समस्या के संबंध में किसानों से सीधा संवाद किया। कृषि पंपों की वास्तविक क्षमता से अधिक हॉर्स पावर दर्ज होने के कारण बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत लेकर ग्रामीणों ने सांसद से संपर्क किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सांसद शनिवार को स्वयं गाँव पहुँचे और किसानों की पूरी बात सुनी।

 

तकनीकी विसंगति में हो सुधार
किसानों ने सांसद श्री पाटील को बिजली विभाग की चेकिंग के दौरान हुई त्रुटि की जानकारी देते हुए बताया कि मैदानी अमले द्वारा मोटरों की क्षमता के आकलन में चूक की गई है। किसानों के अनुसार, खेतों में स्थापित 5 एचपी की मोटर पर 7.5 एचपी और 10 एचपी की मोटर पर 12.5 से लेकर 16 एचपी तक के काल्पनिक लोड के आधार पर अधिक बिल जारी किए जा रहे हैं। इस बिलिंग से क्षेत्र के अन्नदाताओं पर अनावश्यक अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। किसानों ने सांसद से वास्तविक लोड के अनुसार न्यायसंगत बिलिंग सुनिश्चित कराने की मांग रखी।

 

जहाँ से भी शिकायत आ रही है वहां भेजें टीम
सांसद ने मौके पर ही विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री के.एस. मालवीय से फोन पर चर्चा की। उन्होंने इस मैदानी लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि जिन गाँवों से भी इस तरह की शिकायत आ रही है वहाँ पर विभाग तकनीकी टीम भेजे। सभी प्रभावित कृषि पंपों की हॉर्स पावर की मौके पर निष्पक्ष तकनीकी जाँच की जाए और शिकायतों का त्वरित परीक्षण हो।

 

सांसद ने अफसरों को दो टूक कहा कि जाँच में जो भी बिलिंग संबंधी मानवीय या तकनीकी त्रुटि सामने आती है, उसे नियमानुसार तुरंत सुधारा जाए और किसानों को तत्काल राहत दी जाए।
*अन्नदाताओं का हित सर्वोपरि*
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार किसानों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार में अन्नदाताओं के हितों के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

 

नीचे के स्तर पर अधिकारियों या कर्मचारियों की किसी भी तरह की लापरवाही या तकनीकी खामी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित किसान की समस्या का समाधान कराया जाएगा और वास्तविक लोड के आधार पर ही पारदर्शी बिलिंग सुनिश्चित होगी। सांसद की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई पर बोरसल के समस्त ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।इस दौरान भागवत शिंदे, युवराज पाटील, गजानन पाटील,भाजपा के वरिष्ठ नेता किशोर शाह, पूर्व महापौर अनिल भाऊ भोसले, सुरेश चौधरी, अरुण चौधरी, रामभाऊ चौधरी, प्रकाश पाटील, अशोक पाटील, वामन शिंदे, मोहन चौधरी, यशराज पाटील सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *