स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बुरहानपुर के लिए दूसरे शहरों के विकास मॉडल समझेंगी महापौर माधुरी अतुल

Spread the love

मध्यप्रदेश अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल ने अन्य शहरों के महापौरों के साथ की सहभागिता।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में नगरीय विकास, आधुनिक अधोसंरचना और शहरों के भविष्य पर हुआ मंथन

 

बुरहानपुर,  इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मध्यप्रदेश अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2026 में बुरहानपुर की महापौर श्रीमती माधुरी अतुल ने प्रदेश के विभिन्न शहरों से पधारे महापौरों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सहभागिता की। महापौर ने बताया कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी एवं माननीय नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी की गरिमामयी उपस्थिति में नगरीय विकास, आधुनिक शहरी अधोसंरचना, सुशासन तथा शहरों के सुनियोजित विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

 

कॉन्क्लेव के माध्यम से महापौर श्रीमती माधुरी अतुल को प्रदेश के अन्य शहरों के महापौरों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नगरीय विकास से जुड़े अनुभवों, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का अवसर प्राप्त हुआ। इस सहभागिता का उद्देश्य विभिन्न शहरों में हो रहे विकास कार्यों से सीख लेकर बुरहानपुर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उपयोगी विचारों को प्रोत्साहित करना रहा।

 

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के साथ ही महत्वपूर्ण नीतियों, रिपोर्ट्स, एमओयू, लेटर ऑफ अलॉटमेंट तथा अन्य विकासोन्मुख पहलों का शुभारंभ किया गया। वहीं, माननीय नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने अपने विशेष संबोधन में नगरीय विकास से जुड़े विषयों पर विचार रखे।

 

इस अवसर पर नीति आयोग के सदस्य एवं भारत सरकार के पूर्व कैबिनेट सचिव श्री राजीव गौबा जी, नीति आयोग के सीईओ श्री अनुराग जैन जी, मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल जी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

 

कॉन्क्लेव में शहरी अधोसंरचना के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, निवेश की संभावनाओं, डिजिटल गवर्नेंस, जल सुरक्षा, पर्यावरण-अनुकूल शहरी व्यवस्थाओं तथा नगरीय प्रशासन में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही, शहरों के पुनर्विकास एवं विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी के माध्यम से विकास को गति देने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

 

इस आयोजन में इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव जी, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय जी, उज्जैन के महापौर श्री मुकेश टटवाल जी, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव जी, देवास की महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल जी, कटनी की महापौर श्रीमती प्रीति सूरी जी एवं रतलाम के महापौर श्री प्रह्लाद पटेल जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

 

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल की इस सहभागिता से बुरहानपुर के नगरीय विकास के लिए नए विचारों, नवाचारों एवं अन्य शहरों के अनुभवों को समझने का अवसर मिला। शहर के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे आयोजनों से प्राप्त अनुभव उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *