सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश लेकर सड़क पर उतरे नेपा मिल के अधिकारी-कर्मचारी

Spread the love

नेपा मिल में निकली सतर्कता रैली, कर्मचारियों को दिलाया सत्यनिष्ठा का संदेश।

 

सीएमडी नरेश सिंह के नेतृत्व में निकले अधिकारी-कर्मचारी, शनिवार को होगा सप्ताह का समापन

 

सरकारी कामकाज में ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश लेकर नेपा लिमिटेड के अधिकारी-कर्मचारी सतर्कता रैली में शामिल हुए। प्रशासनिक कार्यालय से निकली रैली का नेतृत्व सीएमडी नरेश सिंह ने किया। यह आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के तहत सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत किया गया।

 

सीएमडी नरेश सिंह ने कहा कि संस्थान के प्रत्येक स्तर पर ईमानदारी और जवाबदेही जरूरी है। नियमों का पालन और पारदर्शी कार्यप्रणाली ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में प्रभावी भूमिका निभाती है। निदेशक वित्त पी.जे.एम. डिक्सन ने कार्यों में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता को जरूरी बताते हुए कहा कि इन मूल्यों से संस्थान की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता मजबूत होती है। उप प्रबंधक सतर्कता विजेन्द्र चौधरी ने सप्ताह के दौरान आयोजित की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्कता के प्रति सजग रहने और अपने कार्यों में नैतिक मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

जन संपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि मुख्य सतर्कता अधिकारी रोहित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शनिवार को समापन समारोह में निबंध प्रतियोगिता के शालेय विद्यार्थियों और नारा लेखन प्रतियोगिता में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों को सीएमडी नरेश सिंह पुरस्कृत करेंगे।

रैली में प्रबंधक मनीषकांत शर्मा, उप प्रबंधक सी.एन. वर्मा, सुनील कुलथे, विकास रेड्डी, पिंटू कुमार, स्वतंत्र कसेरा और बिजेन्द्र यादव तथा सहायक प्रबंधक देवेंद्र महोबे, प्रशांत सोनी और चिराग चौधरी सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नेपा मिल श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रवीण सोनी भी शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *