रेलवे क्रॉसिंग की समस्या दूर करने की पहल, सांसद पाटील के आग्रह पर मौके पर पहुंची इंजीनियरों की टीम

Spread the love

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की पहल पर शिवाजी नगर में ओवरब्रिज-अंडरपास की संभावनाओं का परीक्षण, रेलवे इंजीनियरों ने की नपती

– सांसद के आग्रह पर डीआरएम के दौरे के अगले दिन मौके पर पहुंचा इंजीनियरों का दल, एक घंटे तक किया निरीक्षण

– सांसद ने फोन पर अधिकारियों से कहा—क्षेत्रवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक आवागमन मिले, ऐसा विकल्प तय करें

बुरहानपुर। लालबाग के शिवाजी नगर और चिंचाला क्षेत्र के करीब 20 हजार रहवासियों को आवागमन की समस्या से राहत दिलाने के लिए खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की पहल पर रेलवे ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है। मंगलवार को सांसद के आग्रह पर भुसावल मंडल के डीआरएम पुनीत अग्रवाल के बुरहानपुर दौरे और शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग के निरीक्षण के बाद बुधवार को रेलवे इंजीनियरों का दल क्षेत्र में पहुंचा। दल ने ओवरब्रिज अथवा अंडरपास निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण करते हुए मौके पर नपती की और तकनीकी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

*ओवरब्रिज या अंडरपास, दोनों विकल्पों का तकनीकी परीक्षण*

इंजीनियरों के दल ने करीब एक घंटे तक शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, कनेक्टिविटी और रहवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ओवरब्रिज एवं अंडरपास, दोनों विकल्पों पर तकनीकी दृष्टि से विचार किया गया। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से भी चर्चा कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं, ताकि प्रस्तावित व्यवस्था से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिले और भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सांसद पाटील ने फोन पर अधिकारियों से की चर्चा

निरीक्षण के दौरान इंजीनियरों के दल प्रमुख ने मोबाइल फोन पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील से चर्चा की। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र की परिस्थितियों और नागरिकों की जरूरतों का बारीकी से आकलन कर ऐसा बेहतर विकल्प तय किया जाए, जिससे शिवाजी नगर और चिंचाला के रहवासियों को सुगम आवागमन के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। उन्होंने इस कार्य को क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

सांसद की पहल से आगे बढ़ी कार्रवाई, रहवासियों ने माना आभार

शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज अथवा अंडरपास की मांग को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील द्वारा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष विषय उठाने के बाद लगातार कार्रवाई आगे बढ़ रही है। मंगलवार को डीआरएम के निरीक्षण के बाद बुधवार को इंजीनियरों की टीम का मौके पर पहुंचकर नपती और तकनीकी परीक्षण करना इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए सांसद पाटील का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी आवागमन संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा।इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता वामन मोटे, दिलीप दिवेकर, जोतिबा धड़स,किरण सलगर, दिनेश जाधव, अश्विन मोटे, पार्षद प्रतिनिधि महेंद्र सुरवाड़े, योगेश ठोंबरे, मनोहर महाराज आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *