हल्दी से लेकर केला चिप्स तक… कलेक्टर ने देखी ग्रामीण उद्यमों की ताकत, चखा केले के चिप्स का स्वाद

Spread the love

ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे कलेक्टर, विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का लिया जायजा

 

हल्दी प्रोसेसिंग यूनिट एवं केला चिप्स यूनिट का किया निरीक्षण, उत्पादों की गुणवत्ता और प्रक्रिया की ली जानकारी

 

बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फोफनार, शाहपुर एवं ग्राम चापोरा में संचालित विभिन्न इकाइयों एवं केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित हितग्राहियों एवं कृषकों से चर्चा की।

 

हल्दी प्रोसेसिंग यूनिट का किया निरीक्षण

 

कलेक्टर श्री कुमार ने फोफनार में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत स्थापित हितग्राही श्री योगेश पाटिल की हल्दी प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने हल्दी प्रसंस्करण की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा हल्दी की सफाई, प्रसंस्करण एवं तैयार उत्पादों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने हितग्राही से यूनिट की उत्पादन क्षमता, संचालन, आवश्यक निवेश एवं स्थापना में आई लागत के बारे में चर्चा की। साथ ही, तैयार उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को जिले में हल्दी प्रसंस्करण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा अधिक से अधिक किसानों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

 

केला चिप्स यूनिट में चिप्स बनाने की प्रक्रिया देखी, स्वाद भी चखा

 

इसी क्रम में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने शाहपुर में पीएमएफएमई के हितग्राही श्री हर्षल की केला चिप्स यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने यूनिट में केले से चिप्स तैयार करने की प्रक्रिया तथा इसमें उपयोग की जाने वाली मशीनों एवं उत्पादन संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने तैयार केला चिप्स का स्वाद भी चखा और इकाई के संचालन के संबंध में हितग्राही से चर्चा की।

 

बायो रिसर्च सेंटर में जैविक उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया जानी

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कुमार ग्राम चापोरा में संचालित बीआरसी भी पहुंचे। यहां उन्होंने तैयार किए जा रहे विभिन्न जैविक उत्पादों एवं उनके उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने कृषक श्री धीरज पवार से जैविक कृषि पद्धतियों, उनके लाभ एवं खेती में जैविक उत्पादों के उपयोग के संबंध में विस्तार से चर्चा की। कृषक श्री पवार द्वारा केंद्र में जीवामृत, घनजीवामृत, नीम एवं सप्तपर्णी आधारित जैविक उत्पाद सहित अन्य जैविक बैक्टीरिया का स्वयं निर्माण किया जा रहा है। कृषक इन जैविक उत्पादों का उपयोग अपनी खेती में करते हैं तथा रासायनिक उर्वरकों का उपयोग किए बिना जैविक पद्धति से खेती कर रहे हैं।

 

इस अवसर पर कृषक ने कलेक्टर श्री कुमार को जीवामृत तैयार करने की विधि भी विस्तारपूर्वक बताई तथा इसके निर्माण एवं खेती में उपयोग की प्रक्रिया से अवगत कराया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने भवसा डैम का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *