सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की मौजूदगी में अंडरपास और तीसरी-चौथी रेल लाइन का संयुक्त निरीक्षण, विकास की दिशा में बढ़े कदम
– सांसद की लगातार पहल से शिवाजी नगर अंडरपास की प्रक्रिया में तेजी, रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियरों ने किया स्थल परीक्षण
– स्टेशन एवं प्लेटफॉर्म विस्तार, प्रस्तावित रेल लाइन के मार्ग और प्रभावित मकानों का भी लिया जायजा सांसद बोले– आम नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि, प्रभावित परिवारों के हितों का भी रखें ध्यान
फैक्ट फाइल
– 20 हजार से अधिक नागरिकों को शिवाजी नगर अंडरपास का मिलेगा लाभ
– रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से आवागमन हो रहा प्रभावित
– रेलवे बोर्ड की भुसावल एवं नागपुर बैठकों में सांसद ने उठाया था अंडरपास का मुद्दा
– 27 अक्टूबर को डीआरएम ने सांसद के साथ किया था स्थल निरीक्षण
– 28 एवं 30 अक्टूबर को रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने किया तकनीकी परीक्षण
– आज सांसद, महापौर एवं कलेक्टर की मौजूदगी में हुआ संयुक्त निरीक्षण
– प्रस्तावित तीसरी-चौथी रेल लाइन, स्टेशन एवं प्लेटफॉर्म विस्तार की संभावनाओं का भी परीक्षण
बुरहानपुर लालबाग क्षेत्र के शिवाजी नगर और चिंचाला के 20 हजार से अधिक रहवासियों की करीब एक दशक पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में रेलवे स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिवाजी नगर अंडरपास निर्माण के साथ ही प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेलवे लाइन तथा बुरहानपुर रेलवे स्टेशन के विस्तार को लेकर आज रेलवे और जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से विस्तृत निरीक्षण किया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर माधुरी अतुल पटेल,पूर्व।
महापौर अतुल पटेल,कलेक्टर विवेक कुमार,डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी,निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव की मौजूदगी में हुए इस निरीक्षण में रेलवे के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) जेडी सिंग एवं मध्य रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एच.ओ. मीना रेलवे इंजीनियरों की टीम के साथ उपस्थित रहे। जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।
अंडरपास के साथ तीसरी-चौथी रेल लाइन और स्टेशन विस्तार का भी परीक्षण
संयुक्त निरीक्षण के दौरान शिवाजी नगर में प्रस्तावित अंडरपास निर्माण की संभावनाओं के साथ तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के प्रस्तावित मार्ग का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। रेलवे लाइन कहां से गुजरेगी, उसके दायरे में कौन-कौन से मकान और निर्माण आ रहे हैं, स्टेशन का विस्तार किस प्रकार होगा तथा प्लेटफॉर्म की लंबाई और विस्तार की संभावनाएं क्या रहेंगी, इन सभी पहलुओं का मौके पर जायजा लिया गया। रेलवे इंजीनियरों ने स्थल की नपती कर तकनीकी जानकारियां जुटाईं और संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
आम नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि, प्रभावित परिवारों के हितों का भी रखें ध्यान – सांसद
निरीक्षण के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में आम नागरिकों की सुविधा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। तीसरी-चौथी रेल लाइन और स्टेशन विस्तार के दौरान यह विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक नुकसान न हो। यदि परियोजना के दायरे में किसी का मकान या संपत्ति प्रभावित होती है तो संबंधित परिवारों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए नियमानुसार उचित आर्थिक मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे का विकास आवश्यक है, लेकिन इसके साथ आमजन की सुविधा और प्रभावित परिवारों के हितों का संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उलेखनीय हैं कि शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग की समस्या के समाधान के लिए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील लगातार प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने भुसावल और नागपुर में आयोजित रेलवे बोर्ड की बैठकों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए 20 हजार से अधिक नागरिकों की परेशानी से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया था। इसके बाद 27 अक्टूबर को भुसावल मंडल के डीआरएम पुनीत अग्रवाल ने सांसद के साथ मौके का निरीक्षण किया। 28 अक्टूबर को रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने प्रारंभिक नपती एवं तकनीकी परीक्षण किया तथा 30 अक्टूबर को सहायक मंडल अभियंता एच.ओ. मीना ने टीम के साथ पुनः स्थल का निरीक्षण किया था।
अंडरपास बनने से हजारों रहवासियों को मिलेगी राहत
करीब एक दशक से रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण शिवाजी नगर और चिंचाला के रहवासीओ को परेशानी हो रही हैं। वर्तमान में नागरिकों को चिंचाला की और रेलवे पुलिया के नीचे से होकर गुजरना पड़ता है। बारिश के दौरान पांढारोल नाले में पानी बढ़ने से यह रास्ता भी बंद हो जाता है।
आपातकालीन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड और बड़े वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। अंडरपास बनने से नागरिकों को आवागमन का सुगम और सुरक्षित विकल्प मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य अनिल राठौर,मनोज टंडन, भाजपा के वरिष्ठ नेता वामन मोटे, राजू पाटीदार, दिलीप दिवेकर, जोतिबा धड़स, विजय कार्ले,रवि गावड़े, किरण सलगर, दिनेश जाधव, अश्विन मोटे, पंकज पवार, पार्षद प्रतिनिधि महेंद्र सुरवाड़े, योगेश ठोंबरे, मनोहर महाराज, भीका वाणी, सुधीर ठोंबरे, मनोज वाघमारे,विलास खोरे, रेलवे स्टेशन प्रबंधक विनय मेहता, मुख्य कार्यालय अधीक्षक पुष्पेंद्र कापड़े सहित अन्य उपस्थित रहे।