
बुरहानपुर
सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी का आरोप, भैरोबाबा मंदिर क्षतिग्रस्त होने से भड़का आक्रोश — कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग!
आजादनगर में सरकारी जमीन और मंदिर विवाद ने पकड़ा तूल।
बुरहानपुर के आजादनगर क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित कब्जा और भैरोबाबा मंदिर को नुकसान पहुंचाने का मामला अब प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गया है।
अख्तर उद्दीन पिता रियाजउद्दीन ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खसरा नंबर 390 रकबा 0.3880 की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कॉलोनी काटी गई।
आवेदन के अनुसार संबंधित खसरे के रिकॉर्ड के कॉलम नंबर 12 में वर्षों पुराने भैरोबाबा मंदिर का उल्लेख दर्ज है, लेकिन इसके बावजूद जमीन पर निर्माण कार्य जारी रखा गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कॉलोनी विकास के दौरान मंदिर की संरचना को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल बनने लगा है और लोगों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि मंदिर को नुकसान पहुंचने से क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका बन सकती है।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसके कई हिंदू मित्र इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं, हालांकि फिलहाल उन्हें समझाकर शांत रखा गया है।
समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बिगड़ सकते हैं हालात
शिकायतकर्ता ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। उसने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
प्रशासन की नजरें अब जांच पर
जनसुनवाई में शिकायत पहुंचने के बाद अब जिला प्रशासन की भूमिका अहम मानी जा रही है।
पूरे मामले में जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि सरकारी जमीन पर कब्जे और मंदिर क्षति के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
भैरोबाबा मंदिर तोड़ने के आरोप से गरमाया आजादनगर, सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर प्रशासन घिरा!