बुरहानपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 55 हेक्टेयर भूमि से अतिक्रमण हटाया, 10 टप्परे भी तोड़
बुरहानपुर। वनपरिक्षेत्र बुरहानपुर अंतर्गत बीट दक्षिण बलड़ी में शुक्रवार को वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। वनसंरक्षक खंडवा श्रीमती वासु कनोज़िया के निर्देशन एवं अधिकारियों की मौजूदगी में करीब 55 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान वनभूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए खंती खुदाई गई। वहीं मौके पर बने 10 अधूरे टप्परों को भी तोड़कर हटाया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की विवाद की स्थिति निर्मित नहीं हुई।
वन विभाग की इस कार्रवाई में उपवनमंडलाधिकारी बुरहानपुर श्री लवसा सोलंकी, वनपरिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर सुश्री श्यामलता मेरावी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई में करीब 75 वन अधिकारी-कर्मचारी और 25 सुरक्षा श्रमिक शामिल हुए।
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वनभूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।