विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नेपा लिमिटेड में जागरूकता कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम नेपा लिमिटेड के प्रशासनिक कार्यालय स्थित सम्मेलन कक्ष में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरेश सिंह ने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समाज में नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
जिला तंबाकू नियंत्रण समिति के विषय विशेषज्ञ डॉ. मनोज अग्रवाल ने तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह फेफड़ों के कैंसर, मुख कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक तथा अनेक गैर-संचारी रोगों का प्रमुख कारण है।
उन्होंने कहा कि तंबाकू में विद्यमान निकोटिन अत्यधिक व्यसनी तत्व है, जो व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से निर्भर बना देता है। उन्होंने तंबाकू त्याग के वैज्ञानिक उपायों, परामर्श सेवाओं तथा परिवार एवं कार्यस्थल की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. भरत चौधरी ने तंबाकू नियंत्रण से संबंधित राष्ट्रीय नीतियों, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), व्यवहार परिवर्तन संचार, जोखिम न्यूनीकरण रणनीतियों तथा गैर-संचारी रोगों की रोकथाम में तंबाकू नियंत्रण की महत्वपूर्ण भूमिका पर तकनीकी प्रस्तुति दी। उन्होंने तंबाकू मुक्त कार्यस्थलों के निर्माण हेतु संस्थागत सहभागिता एवं जनजागरूकता को आवश्यक बताया।
जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में टीबी मुक्त भारत अभियान 2025-26 तथा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में इस परस्पर संवादात्मक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तंबाकू एवं धूम्रपान से दूर रहने तथा समाज में जनजागरूकता प्रसारित करने की शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रबंधक वित्त संजीव कानडे, उप प्रबंधक वाणिज्य सुनील कुमार कुलथे, अनिल कुमार अहीरे, दीपक सिंह ठाकुर, संतोष दुबे, ए.पी. शुक्ला, नीलेश पाटिल, मोहम्मद इलियास सिद्दीकी, पवन पवार, आदित्य तिवारी, मणिलाल पाटिल, ईशान व्यास, मीना श्रीवास्तव, प्रतीक गणेचर, सपना दुबे, निशा प्रजापति सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।