शासकीय कार्य में बाधा एवं कर्मचारियों को धमकाने वाले फरार आरोपी को नेपानगर पुलिस ने महाराष्ट्र से किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं एसडीओपी नेपानगर श्री निर्भय के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेपानगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
थाना नेपानगर के अपराध क्रमांक 210/2026 धारा 296, 132, 351 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रकरण में घटना दिनांक से फरार चल रहे आरोपी कालाम पिता सलीम मुल्तानी निवासी नयाखेड़ा को पुलिस टीम द्वारा महाराष्ट्र के एदलाबाद से हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी द्वारा एमपीईवी (MPEV) के कर्मचारियों के साथ अभद्र एवं अश्लील गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाया गया था तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया गया था। उक्त घटना के संबंध में थाना नेपानगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। तलाश के दौरान आरोपी के महाराष्ट्र राज्य के एदलाबाद क्षेत्र में होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
सराहनीय भूमिका: चौकी प्रभारी नावरा उप निरीक्षक श्री अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक सुभाष मोरे एवं प्रधान आरक्षक मुकेश मोरे की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।