अर्चना चिटनिस ने जनपद पंचायत की वार्डवार समीक्षा बैठकों में विकास कार्यों की प्रगति परखी, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

Spread the love

अर्चना चिटनिस ने जनपद पंचायत की वार्डवार समीक्षा बैठकों में विकास कार्यों की प्रगति परखी, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

 

बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुधवार से बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में जनपद पंचायत स्तर पर वार्डवार समीक्षा बैठकों का शुभारंभ करते हुए ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों, जनसमस्याओं एवं आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

 

प्रथम दिवस में पातोंडा, बिरोदा, लोनी, हतनूर, बंभाड़ा, मोहद, मंगरुल, खामला, बलड़ी एवं इच्छापुर वार्ड अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, सरपंचों, उपसरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री सृजन वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, जिला पंचायत सदस्य किशोर पाटिल, दिलीप पवार, डॉ.अरूण सूर्यवंशी, जनपद पंचायत सीईओ संजयसिंह सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि गांवों का समग्र विकास सुनियोजित कार्ययोजना, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी पंचायतों को अपने-अपने गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकताएं तय कर विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने विधायक निधि, विधायक विशेष निधि, पंचम एवं पंद्रहवें वित्त आयोग सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। पंचायतों को प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जाए।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, विद्युत, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, स्वास्थ्य, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा करते हुए श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने जल संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत वर्षा जल संचयन, तालाबों, कुओं एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, जल संरचनाओं के पुनर्जीवन तथा भूजल स्तर बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर आने वाली पीढि़यों के लिए जल सुरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायतों को कर वसूली अभियान प्रभावी ढंग से संचालित कर पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने तथा प्रत्येक गांव को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों को कपड़े की थैलियां वितरित कर प्लास्टिक मुक्त गांव का संकल्प दिलाया।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि ‘‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टिकरण‘‘ के मंत्र के साथ जनसेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पंचायत गांव की समस्याओं, आवश्यक विकास कार्यों एवं हितग्राहियों का विस्तृत रोडमैप तैयार करे, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो और प्रत्येक गांव विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *