कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने किया मैदानी निरीक्षण, सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, सड़क चौड़ीकरण और दस्तक अभियान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Spread the love

कलेक्टर श्री सिंह ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं एवं कार्यों का लिया जायजा, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

 

सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, सड़क चौड़ीकरण एवं पुनर्वास कार्यों का किया अवलोकन

 

बुरहानपुर/21 जुलाई, 2026/- कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने मंगलवार को जिले में मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, नगर निगम द्वारा निर्मित की जा रही पुनर्वास दुकानों, शनवारा से गणपति नाका तक सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा दस्तक अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण की शुरुआत शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय से हुई, जहां कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने विद्यालय परिसर, सभागार एवं विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालय की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम द्वारा निर्मित की जा रही पुनर्वास दुकानों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली एवं कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की बात कही।

 

*सड़क चौड़ीकरण कार्य में नहीं आए कोई बाधा*

 

कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने शनवारा से गणपति नाका तक सड़क चौड़ीकरण कार्य हेतु मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य-योजना की जानकारी प्राप्त करते हुए विद्युत विभाग को मार्ग में आने वाले विद्युत पोलों को शीघ्र व्यवस्थित करने एवं आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

 

दस्तक अभियान की जमीनी हकीकत परखी

 

दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्री सिंह गुरुनानक वार्ड क्रमांक-40 के आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे। उन्होंने बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक पात्र बच्चे का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने एवं उसकी जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर निगम, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *