जिला चिकित्सालय में सफल शल्यक्रिया, मरीज के बाएं पैर से सफलतापूर्वक निकाली गई गांठ।
बुरहानपुर- जिला चिकित्सालय, बुरहानपुर में चिकित्सकों की टीम द्वारा एक जटिल शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
ग्राम जसौंदी निवासी मरीज लंबे समय से बाएं पैर में दर्द एवं कठोर गांठ की समस्या से पीड़ित थे। जांच के दौरान पाया गया कि गांठ टेंडन (स्नायु) से जुड़ी हुई थी तथा महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं (ब्लड वेसल्स) के अत्यंत समीप स्थित थी, जिससे शल्यक्रिया चुनौतीपूर्ण रही।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्यंत सावधानी एवं कुशलता के साथ गांठ (ट्यूमर) को आसपास की संरचनाओं से सुरक्षित रूप से अलग कर सफलतापूर्वक निकाल दिया। वर्तमान में मरीज स्वस्थ है एवं चिकित्सकीय निगरानी में है।
यह सफल शल्यक्रिया डॉ. शरद पवार, डॉ. प्रतीक, डॉ. मुमताज एवं डॉ. श्वेता शिवहरे द्वारा की गई। इस सफल उपचार में अस्पताल प्रबंधन एवं सहायक रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौरव थावानी का विशेष सहयोग रहा।
जिला चिकित्सालय, बुरहानपुर की चिकित्सकीय टीम जटिल से जटिल मामलों का सफल उपचार कर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।