कृषि विभाग के अधिकारियों ने कृषि आदान दुकानों का किया निरीक्षण।
बुरहानपुर कृषि विभाग के अधिकारियों ने जिले की विभिन्न कृषि आदान दुकानों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह केे निर्देशों के परिपालन में अधिकारियों द्वारा दुकानों में उपलब्ध उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही विक्रय रजिस्टर, स्टॉक पंजी, क्रय-विक्रय अभिलेख एवं लाइसेंस की भी जांच की गई।
इस दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा उत्पादित जल घुलनशील उर्वरकों के 4 सैंपल जांच हेतु लिए गए।
उपसंचालक कृषि एम.एस.देवके ने बताया कि उर्वरकों के अब तक 68 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 22 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जो मानक स्तर के पाए गए हैं।
कृषक कल्याण वर्ष के तहत आगामी खरीफ सीजन को दृष्टिगत रखते हुए कृषकों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा कृषि आदानों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्थाओं के उद्देश्य से उपसंचालक कृषि श्री एम.एस. देवके, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीराम पाटील एवं शाखा प्रभारी भारत सिंह वास्कले द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।