विश्व योग दिवस पर शाही किला परिसर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
बुरहानपुर 21 जून विश्व योग दिवस के अवसर पर बुरहानपुर स्थित शाही किला गार्डन परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्रीमती रजनी अग्रवाल ने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का प्रभावी माध्यम बताते हुए नियमित योगाभ्यास करने का आग्रह किया।
।इस अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक श्री विपुल मेश्राम ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योग करने से शरीर लचीला एवं मजबूत बनता है तथा रोगों से लड़ने की क्षमता विकसित होती है। योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आधारशिला है।
आरोग्य भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। योग न केवल शारीरिक रोगों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं को भी दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। योग के नियमित अभ्यास से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा जीवन में संतुलन और प्रसन्नता का संचार होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ललीत लाड़, प्रदीप मेहता, विजय बंननात वाला, हरीश मोरे एवं अन्य संस्थाओं के पदाधिकारियों उपस्थित थे ।