जल गंगा संवर्धन अभियान जल संरक्षण की जनक्रांति- प्रभारी मंत्री श्री सिलावट
जल संरक्षण एवं पौधारोपण से ही सुरक्षित होगा भविष्य
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम को किया संबोधित
बुरहानपुर/30 जून, 2026/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने एवं भूमिगत जलस्तर बढ़ाने के उद्देश्य से ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ एक सार्थक पहल के रूप में संचालित किया गया। लेख है कि मंगलवार को रेणुका झील के किनारे जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में म.प्र. शासन जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट शामिल हुए।
जल संरक्षण का संकल्प जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि आज मैं, अपनों के बीच आया हूँ, हम सभी संकल्प ले कि जल संरक्षण की इस दिशा में जल की एक-एक बूंद बचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने माँ रेणुका के चरणों में नमन करते हुए कहा कि ‘‘विकसित भारत के संकल्प’’ एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को सफल बनाने के लिये आशीष दे।
बुरहानपुर आस्था एवं संस्कृति की नगरी है तथा जिले का गौरवशाली इतिहास रहा है। इसी संकल्प के साथ हम अभियानों को सफल बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है, जन-सहयोग से ‘‘जल-गंगा-संवर्धन’’ त्रिवेणी के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने एवं जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की जनक्रांति है। जल का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है, क्योंकि जल हमारे भविष्य का आधार है।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने पर्यावरणीय संरक्षण के लिये प्रेरित करते हुए कहा कि ‘‘एक पेड़ माँ के नाम अभियान’’ के तहत स्कूलों, कॉलेजों, उद्यानों एवं अन्य शासकीय संस्थानों के परिसरों में पौधें रोपित करे। विद्यार्थियों एवं युवाओं को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करते हुए अभियान से जोड़े ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं हरित भविष्य मिले। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प भी लें।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि रेणुका झील के सौंदर्यीकरण का शेष कार्य जल्द पूरा किया जायें। मंत्री श्री सिलावट ने अपने संबोधन में कहा कि बुरहानपुर एवं खंडवा क्षेत्र को ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना का उपहार मिला है, जो आगामी समय में क्षेत्र के जल संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्था को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने समापन समारोह में मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया। ‘‘आज हम सब जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के समापन के अवसर पर एकत्रित हुए हैं, जो कि जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश की सामूहिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।’’
विदित है कि अमृत 2.0 के तहत 185.27 करोड़ रूपये की राशि से रेणुका झील का सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है। प्रस्तावित कार्य-योजना में म्यूजिकल फाउन्टेन, मनोरंजन गतिविधियों एवं अन्य कार्य किये जायेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने रोपित किए पौधें
समापन समारोह पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने त्रिवेणी का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर पीपल, कदम, नीम सहित अन्य पौधें भी लगाये गये।
जल संरक्षण के प्रति किया प्रेरित
एक दिवसीय प्रवास के दौरान जिले में पधारे प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया एवं जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रेरित किया।
इस अवसर पर बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने रेणुका झील के सौंदर्यीकरण हेतु 70 लाख रूपये देने की बात कही। उन्होंने उपस्थितजनों को जल को संभालने एवं प्रकृति से प्रेम करने तथा पानी का आवश्यकतानुसार इस्तेमाल करने का आव्हान किया।
समापन समारोह में नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू ने कहा कि क्षेत्र में तालाबों के गहरीकरण से जल भराव होने पर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने की जल संरक्षण हेतु उपस्थितजनों को प्रेरित किया। इसी कड़ी में महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने कहा कि आगामी 6 जुलाई को भारत के महान राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जयंती अवसर पर इसी परिसर में प्रतिमा स्थापना हेतु भूमिपूजन किया जायेगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के घटकों की जानकारी दी एवं विभागों द्वारा अभियान के तहत किये गये कार्यों के बारे में बताया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने उद्धबोधन से उपस्थितजनों को लाभान्वित किया।
समूह की दीदीयों किये गये बीज वितरित
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में राष्ट्रीय तिलहन मिशन अंतर्गत ‘‘एक बगियां माँ के नाम’’ के तहत चयनित स्व सहायता समूह की दीदीयों को मूंगफल्ली के बीज वितरित किये गये। कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण की शपथ भी ली गयी।
समापन कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, अन्य अधिकारीगण, गणमान्य नागरिकगण, महिलाएं एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।