6 करोड़ से अधिक की लागत से 100 बिस्तरीय श्रमिक विश्राम गृह हो रहा है तैयार।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रगति का लिया जायजा,कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
स्कूली विद्यार्थियों से किया संवाद, विषयों पर पूछे सवाल।
आज कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने भ्रमण के दौरान ग्राम महलगुलारा स्थित प्राकृतिक झरने का अवलोकन किया। झरने की मनोहारी एवं आकर्षक प्राकृतिक छटा को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा महल के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीणजनों से उप स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं एवं निराकरण हेतु आश्वासन दिया।
विद्यार्थियों से किया संवाद,पूछे सवाल भी
इसी श्रृंखला में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने माध्यमिक शाला महलगुलारा पहुंचकर कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे तथा हिंदी विषय के अध्याय का वाचन भी कराया। कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अध्ययन करने एवं विषयों की गहराई से समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत संचालित शासकीय हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत विषय से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनकी शैक्षणिक तैयारी का आकलन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल पुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने आसपास की प्रकृति एवं दैनिक जीवन की घटनाओं से भी सीखने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जिज्ञासु बनकर अध्ययन करने से विषयों की बेहतर समझ विकसित होती है।
गुणवत्तायुक्त शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं पर दिया जोर
कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यालय के शिक्षकों को विद्यार्थियों का नियमित टेस्ट लेने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने तथा विद्यालय में पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
श्रमिक विश्राम गृह का किया निरीक्षण
गुरुवार को ही कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने पीआईयू अंतर्गत निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय श्रमिक विश्राम गृह रेणुका रोड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिले में लगभग 6 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय श्रमिक विश्राम गृह का निर्माण कराया जा रहा है। यह विश्राम गृह जिले एवं बाहर से आने वाले श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। इसमें श्रमिकों के लिए रसोईघर, शौचालय तथा ठहरने एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।