315 करोड़ की खंडवा-अकोला ब्रॉडगेज रेल परियोजना का कलेक्टर हर्ष सिंह ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता के दिए निर्देश

Spread the love

बुरहानपुर

राजू सिंह राठौड़

 

 

खंडवा-अकोला ब्रॉडगेज रेल परियोजना का कलेक्टर श्री सिंह ने किया निरीक्षण।

 

बुरहानपुर आज कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने खंडवा-अकोला ब्रॉडगेज रेल परियोजना अंतर्गत चिड़ियामाल से पांगरी तक रेलवे द्वारा संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने परियोजना के तहत किए जा रहे खुदाई-भराई कार्य, कटिंग, पुलिया निर्माण, खड़की स्टेशन तथा अन्य निर्माण गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

खड़की स्टेशन का किया अवलोकन

 

कलेक्टर श्री सिंह ने रेलवे अधिकारियों से खड़की एवं खकनार स्टेशन से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने खड़की रेलवे स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं कार्यों का अवलोकन किया।

 

लगभग 315 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है निर्माण कार्य

 

विदित है कि खंडवा-अकोला ब्रॉडगेज रेल परियोजना अंतर्गत यह निर्माण कार्य राइट कंस्ट्रक्शन प्रा. लि., पुणे द्वारा लगभग 315 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मार्गदर्शन एवं आवश्यक निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग, संबंधित निर्माण एजेंसी एवं क्षेत्र से संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *