खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
विशेष अभियान के तहत 110 लीटर अमृत ब्रांड का घी जप्त
बुरहानपुर -खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार माह जुलाई 2026 से दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत अन्य राज्यों से मध्यप्रदेश में आने वाले दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले घी ब्रांडों के नमूने अमानक स्तर के पाए जाने पर संबंधित ब्रांडों के विरुद्ध विशेष नमूना कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन बुरहानपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा फार्म नारायणदास कपाड़िया गंगा नगर पर उपस्थित होकर मौके पर रजवाड़ी डेरी फार्म मेहसाणा राजस्थान के द्वारा निर्मित अमृत ब्रांड घी का भंडारण एवं विक्रय किया जाना पाया गया, अमृत घी के विभिन्न पैकिंग आकारों के 02 नमूने जांच हेतु लिए गए तथा लगभग 110 लीटर घी जप्त किए गए जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹50000 (पच्चास हजार रुपए) है
इस विशेष अभियान के अंतर्गत लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण हेतु संबंधित प्रयोगशालाओं की ओर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।