दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रों की गूंज और सेवा का संकल्प! गौलोक धाम में भव्य आयोजन, 2 हजार से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

Spread the love

बुरहानपुर शहर के अमरावती रोड स्थित गौलोक धाम में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धार्मिक, आध्यात्मिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं शांतिकुंज हरिद्वार की प्रेरणा से गायत्री परिवार रचनात्मक ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

 

कार्यक्रम में ध्यान, प्राणायाम, देव पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 108 जोड़ों ने विराट दीप महायज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान सेंधवा गायत्री परिवार के श्री मेवालाल पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

आयोजन का प्रमुख आकर्षण निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर रहा, जिसमें श्वास, दमा, अस्थमा, खांसी और एलर्जी जैसी समस्याओं के लिए चंद्रमा की रोशनी में गौदुग्ध से तैयार आयुर्वेदिक औषधि का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं को औषधियुक्त खीर और अमृत खीर का प्रसाद भी वितरित किया गया।

 

सांस्कृतिक संध्या में श्रीराम गुरुकुल के बाल पुरोहितों ने नाटक और गायन की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं समाजसेवा, चिकित्सा, आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को बुरहानपुर गौरव सम्मान से नवाजा गया।

 

कार्यक्रम में निर्माणाधीन मातृ मंडपम संस्थान की भावी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। धार्मिक आस्था, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के संदेश के साथ आयोजन का समापन हुआ।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *