बुरहानपुर में विकास को मिली रफ्तार! मेयर इन काउंसिल की बैठक में करोड़ों के विकास कार्यों को हरी झंडी

Spread the love

 

मेयर इन काउंसिल की बैठक में विकास कार्यों को मिली गति, सड़क, सीवरेज, मुक्तिधाम, बस स्टैंड एवं चौराहा सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति।

 

बुरहानपुर,

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में महापौर परिषद भवन में आयोजित मेयर इन काउंसिल की बैठक में शहर के अधोसंरचना विकास, जनसुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार कर स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक का संचालन निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

 

 

शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ताप्ती नदी किनारे नवीन मुक्तिधाम विकास कार्य हेतु लगभग 4.58 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की डीपीआर एवं विस्तृत प्राक्कलन तैयार किए जाने पर विचार किया गया।

 

अमृत 2.0 योजना अंतर्गत जलप्रदाय योजना (गेप फिलिंग) कार्य एवं सीवरेज योजना के वर्क प्लान का अवलोकन कर आगामी कार्यों के अनुक्रम निर्धारण पर चर्चा की गई। इसके साथ ही अमरावती रोड स्थित बारादरी के पास बस स्टैंड सह डिपो निर्माण कार्य तथा नेहरू स्टेडियम के पूर्व दिशा में दुकान एवं पवेलियन निर्माण कार्य की डिजाइन ड्राइंग का अवलोकन कर कार्य प्रारंभ करने संबंधी विषयों पर भी विचार किया गया।

 

बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर सिंधीबस्ती चौराहा, शिकारपुरा चौराहा, शनवारा चौराहा एवं गणपति थाना चौराहा के उन्नयन एवं डीपीआर तैयार किए जाने के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए।

 

नगर विकास के साथ सांस्कृतिक एवं प्रेरणास्रोत स्थलों के निर्माण को ध्यान में रखते हुए बृहद गुजराती समाज मार्केट क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा स्थापना तथा प्रस्तावित नवीन निगम कार्यालय परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा स्थापना संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

 

बैठक में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनकी राजनीतिक भागीदारी को लेकर “नारी शक्ति वंदन विधेयक” के संसद में पारित न हो पाने पर खेद व्यक्त करते हुए महिलाओं को समुचित संवैधानिक प्रतिनिधित्व प्रदान किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही किए जाने का संकल्प प्रस्तुत किया गया।

 

 

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि शहर के समग्र विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए मेयर इन काउंसिल प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आवश्यक निर्णय लिए जा रहे हैं।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, पुर्व महापौर श्री अतुल पटेल निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव एम आई सी चेयरमैन संध्या राजेश शिवहरे,धनराज महाजन, संभाजी सगरे,नितेश रोशन दलाल, भारत इंगले, महेंद्र इंगले, अनिल विस्पुते, अमरीन एजाज अशरफी, सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा, सहायक आयुक्त रितेश पाटीदार, लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, जन संपर्क अधिकारी हरिश मोरे, निगम सचिव संजय शाह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *