पदभार संभालते ही एक्शन मोड में एएसपी प्रदीप शेण्डे, शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा

Spread the love

नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे ने संभाला पदभार, कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारीयो की ली बैठक।

जिला बुरहानपुर में नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे ने आज पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग एवं जनसेवा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान श्रीमान ने कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों, कार्यप्रणाली, तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों से शाखा के कार्यों, की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

इसके उपरांत उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर विभागीय कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है, जिसके लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश:

*कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

*लंबित प्रकरणों एवं पत्राचार का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

*अभिलेखों एवं दस्तावेजों का सुव्यवस्थित संधारण एवं अद्यतन रिकॉर्ड रखा जाए।

*शासन एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाए।

*आमजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए।

*शाखाओं के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों की गति एवं गुणवत्ता बढ़ाई जाए।

*तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देकर कार्यालयीन दक्षता में वृद्धि की जाए।

*अनुशासन, जवाबदेही एवं पारदर्शिता को विभागीय कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जाए।

श्रीमान द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिला पुलिस की कार्यक्षमता एवं जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए पुलिस विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित शाखा प्रभारी एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *