अर्चना चिटनिस ने जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अत्याधुनिक मॉड्यूलर लेबर ओटी सहित सुविधाओं के विस्तार को बताया जनसेवा का संकल्प।
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने शासकीय जिला चिकित्सालय बुरहानपुर का व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में प्रारंभ किए गए अत्याधुनिक मॉड्यूलर लेबर ऑपरेशन थिएटर (ओटी), नवीन आईसीयू, ओपीडी, हेल्प डेस्क तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद किया और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिला चिकित्सालय में लगातार संसाधनों का विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अत्याधुनिक मॉड्यूलर लेबर ओटी का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में आयोजित समीक्षा बैठकों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रसूताओं को आपातकालीन स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप यह आधुनिक सुविधा प्रारंभ हुई है।
अब प्रसव संबंधी जटिल परिस्थितियों में महिलाओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उपचार की गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों में वृद्धि होगी।
नवीन आईसीयू का निरीक्षण करते हुए श्रीमती चिटनिस ने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिजनों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को गंभीर मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग तथा बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अस्पताल की ओपीडी, हेल्प डेस्क एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक और बिना किसी परेशानी के स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सके, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर दिया।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए श्रीमती चिटनिस ने निर्देश दिए कि सभी वार्ड बॉय एवं सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में कार्य करें। अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता अभियान संचालित कर प्रतिदिन उसकी मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने सहायक प्रबंधक धीरज चौहान को साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता है।
इसके लिए शासन स्तर पर नवीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना, जिला अस्पताल की क्षमता 200 से 300 बिस्तरों तक बढ़ाने, ऑब्स्टेट्रिक आईसीयू की स्थापना तथा आधुनिक शल्य चिकित्सा के लिए आवश्यक लेप्रोस्कोपिक उपकरणों की उपलब्धता हेतु मांग रखी जाएगी।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के नागरिकों को बेहतर उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए जिला चिकित्सालय को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहा यह विस्तार केवल भवन और संसाधनों का विकास नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाने का एक सतत प्रयास है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका ध्येय है और जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ.दर्पण टोके, प्रभाकर चौधरी, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, रुद्रेश्वर एंडोले, मनोज फुलवानी, गौरव शिवहरे, सहायक प्रबंधक धीरज चौहान, आरएमओ डॉ.भूपेंद्र गौड़, डॉ.गौरव थवानी, चिंटू राठौड़, अक्षय मोरे, कैलाश हरने, श्रीमती चेतना रावतोले, गोलू मराठा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।