दशकों से संघर्षरत दंगा पीड़ित दुकानदारों को मिल रहा हक, निर्माणाधीन दुकानों का निरीक्षण कर अर्चना चिटनिस ने दिए निर्देश।
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) एवं महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने सुभाष स्कूल ग्राउंड परिसर में निर्माणाधीन दंगा एवं अग्नि पीडि़त सिंधी कपड़ा मार्केट की दुकानों का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य को तेज गति से, निर्धारित समय-सीमा में तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि दशकों से पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे प्रभावित व्यापारियों को शीघ्र दुकानों का आधिपत्य प्रदान किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि यह केवल दुकानों का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों से अपने अधिकार, सम्मान और आजीविका के लिए संघर्ष कर रहे पीडि़त परिवारों के सपनों को साकार करने का ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1972, 1992 तथा उसके बाद विभिन्न परिस्थितियों में प्रभावित हुए व्यापारियों ने अपने रोजगार स्थल को पुनः व्यवस्थित और स्थायी स्वरूप देने के लिए लंबा संघर्ष किया है, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। साथ ही हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए दुकानदारों की एक समिति गठित करने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी हो सके और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शिता के साथ संपन्न हों।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों में न्यायालय द्वारा सक्सेशन सर्टिफिकेट (वारसान प्रमाण पत्र) प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है, वे हितग्राही अधिकतम तीन माह के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, जिससे दुकान आवंटन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को साकार करने के लिए पिछले दो दशकों से लगातार प्रयास किए गए हैं। शिक्षा मंत्री रहते हुए वर्ष 2013 में सुभाष मैदान पर मार्केट निर्माण का प्रस्ताव कैबिनेट से स्वीकृत कराया गया था।
इसके बाद दुकान निर्माण लागत में अनुदान, भूमि हस्तांतरण, पट्टा नवीनीकरण सहित विभिन्न वैधानिक एवं प्रशासनिक विषयों के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए गए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वेच्छानुदान मद से 3 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने के बाद यह बहुप्रतीक्षित परियोजना तेजी से आगे बढ़ सकी है।
श्रीमती चिटनिस ने निरीक्षण के दौरान दुकानों के समीप स्टेडियम एवं पवेलियन निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में समुचित समन्वय रखते हुए क्षेत्र का समग्र एवं व्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने उपस्थित व्यापारियों से कहा कि यह स्थान केवल दुकान नहीं, बल्कि उनकी रोजी-रोटी और आने वाली पीढि़यों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा। सभी हितग्राही इस परिसर को अपने परिश्रम, विश्वास और आत्मसम्मान का केंद्र मानते हुए इसके संरक्षण और विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, बलराज नावानी, प्रशांत पाटिल, विपुल कानूनगो, नरहरी दीक्षित, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, रुद्रेश्वर एंडोले, चिंटू राठौड़, अक्षय मोरे, विक्की टिल्लानी, भावनदास चंचलानी, धीरज नावानी सहित पीडि़त और अब अपना हक पाने जा रहे दुकानदार अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।