मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत नगरीय निकाय से 66 श्रद्धालुओं का जत्था वैष्णो देवी धाम के लिए रवाना।

Spread the love

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत नगरीय निकाय से 66 श्रद्धालुओं का जत्था वैष्णो देवी धाम के लिए रवाना

 

बुरहानपुर, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत नगर निगम बुरहानपुर क्षेत्र के 66 तथा जिले के कुल 191 वरिष्ठ नागरिकों का जत्था शुक्रवार को माता वैष्णो देवी धाम की पावन यात्रा के लिए विशेष ट्रेन से रवाना हुआ।

 

बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने सभी तीर्थयात्रियों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं तथा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर माता वैष्णो देवी के दर्शन की उत्सुकता एवं प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दे रही थी।

 

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था एवं तीर्थ दर्शन की अभिलाषा को साकार करने का माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनकी भावनाओं के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

 

महापौर ने माता वैष्णो देवी से सभी श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए सभी यात्रियों के सुरक्षित एवं सफल तीर्थ दर्शन की प्रार्थना की।

 

इस अवसर पर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, एमआईसी सदस्य संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, निगम सचिव संजय शाह, स्वप्निल बारी सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *