आज वन विभाग वनमण्डल बुरहानपुर द्वारा सुधार कार्यवृत्त कूपों और अतिक्रमण बेदखल किए गए वनक्षेत्र में सागौन रुटशूट रोपण का प्रशिक्षण वनमण्डल बुरहानपुर के वनस्टॉफ को दिया गया। प्रशिक्षण वन परिक्षेत्र नावरा की बीट नावरा के कक्ष 279 में आयोजित हुआ।
40 से अधिक वनस्टॉफ की मौजूदगी में डीएफओ बुरहानपुर विद्याभूषण सिंह द्वारा रुटशूट रोपण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा रोपण का फील्ड डेमो दिया गया जिससे शत प्रतिशत परिणाम प्राप्त हो सकें।
रुटशूट के रोपण से पहले कवकनाशी
(फंगीसाइड) के घोल में रुटशूट को डुबोने, सही स्थल का चयन कर क्रोबार की सहायता से रुटशूट रोपण करने की विधि का प्रशिक्षण 8 रेंज के वनस्टॉफ को दिया गया। इस वर्ष बुरहानपुर वनमण्डल की 8 रेंज के विभिन्न वनक्षेत्रों में 1 लाख 94 हजार रुटशूट का रोपण किया जाएगा।
अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र में वनक्षेत्र की बहाली के लिए रुटशूट रोपण, बीज बुआई के अलावा सतत निगरानी करने के निर्देश डीएफओ द्वारा वनस्टॉफ को दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान वनमण्डलाधिकारी बुरहानपुर के अलावा नेपानगर एसडीओ विक्रम सुलिया, धुलकोट रेंजर मनोज वास्कले, नावरा रेंजर पुष्पेंद्र सिंह जादौन, नेपानगर रेंजर नरेंद्र परिहार सहित आठों रेंज का वनस्टॉफ उपस्थित रहा।