बुरहानपुर में पोषण महोत्सव की धूम, कलेक्टर का संदेश—अभिभावकों से बनती है बच्चों की आदतें!

Spread the love

अभिभावकों के व्यवहार से ही बच्चों में आदतों का निर्माण होता है- कलेक्टर श्री सिंह

8वां पोषण पखवाड़ा का समापन अवसर पर जिला स्तरीय पोषण मेला आयोजित

पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों की रही आकर्षक प्रदर्शनी।

 

बुरहानपुर आज 8वां पोषण पखवाड़ा के समापन अवसर पर परमानंदजी गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय पोषण मेला आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गजानन महाजन, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गजानन महाजन ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सही आदतों का निर्माण बचपन से ही करना आवश्यक है।

 

उन्होंने कहा कि माताएं बच्चों की पहली गुरु होती हैं, इसलिए उन्हें बचपन से ही पोष्टिक आहार लेने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने एवं मोबाइल से दूरी बनाए रखने की आदत डालनी चाहिए।

 

यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और वातावरण मिलेगा तो उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होगा।

 

कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को आयुर्वेद, प्राकृतिक पोषण एवं पारंपरिक ज्ञान से जोड़ना चाहिए।

 

बच्चों का व्यवहार काफी हद तक घर के माहौल से प्रभावित होता है, इसलिए अभिभावकों को भी अपनी आदतों में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।

 

जब बड़े स्वयं मोबाइल का सीमित उपयोग करेंगे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएंगे, तो बच्चे भी उनसे प्रेरणा लेकर वही आदतें अपनाएंगे।

 

पोषण प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न परियोजनाओं द्वारा पोषण प्रदर्शनी एवं पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सराहना की।

 

प्रदर्शनी में मोटे अनाज, सुरजना फली, चना सहित अन्य पोषक तत्वों से बने व्यंजनों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बीटरूट हलवा, विभिन्न प्रकार के चीले, चटनियां, रोटी, सब्जी, इडली एवं चाट जैसे पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रदर्शित किए गए।

 

कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत हितग्राही बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही जिले की टॉपर बालिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान नाट्य प्रस्तुति भी दी गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, सीएमएचओ डॉ. आर.के. वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती भारती अवास्या सहित महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला मौजूद रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *