राज्यपाल से अर्चना चिटनिस की अहम मुलाकात, बुरहानपुर के स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास का रखा विजन

Spread the love

राज्यपाल मंगूभाई पटेल से अर्चना चिटनिस की महत्वपूर्ण भेंट, बुरहानपुर के स्वास्थ्य, सिकल एनीमिया जागरूकता एवं केला आधारित औद्योगिक विकास को लेकर रखा व्यापक विजन।

बुरहानपुर। भोपाल स्थित लोकभवन में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस (दीदी) ने सौजन्य भेंट कर बुरहानपुर जिले के स्वास्थ्य, जनजागरूकता, कृषि आधारित उद्योग एवं रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

 

भेंट के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने जिले में सफलतापूर्वक संचालित “125 दिवसीय सिकल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान” की उपलब्धियों से राज्यपाल को अवगत कराया।

 

 

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 में बुरहानपुर जिले में अभियान का व्यापक स्तर पर संचालन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं, चिकित्सा दलों एवं विभागीय अमले द्वारा गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों की स्क्रीनिंग एवं जनजागरूकता का कार्य किया गया।

 

उन्होंने जानकारी दी कि शासन द्वारा जिले को 86 हजार नागरिकों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने 93 हजार नागरिकों की स्क्रीनिंग कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। अभियान के दौरान कुल 324 मरीज चिन्हित हुए, जिनका नियमित उपचार एवं स्वास्थ्य निगरानी निरंतर जारी है।

 

वर्तमान में भी जिले में लगातार स्क्रीनिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं तथा स्वास्थ्य शिविरों एवं जिला स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जांच हेतु प्रेरित किया जा रहा है। आरबीएसके चिकित्सा दलों द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं एवं गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य जांच भी नियमित रूप से की जा रही है।

 

श्रीमती चिटनिस ने राज्यपाल को यह भी बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खकनार के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग सोनी एवं सिकल सेल नोडल अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बुरहानपुर जिले के स्वास्थ्य अमले की प्रतिबद्धता एवं जनसेवा का प्रतीक है।

भेंट के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर जिले के केला आधारित औद्योगिक विकास का व्यापक विजन भी राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने “केले से समृद्धि-केले से सेहत” के संकल्प के साथ बुरहानपुर को “बनाना फूड पार्क” के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जिले में कच्चे एवं पक्के केले से निर्मित खाद्य उत्पादों, केले के रस, चिप्स, स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री एवं अन्य प्रसंस्कृत उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

 

उन्होंने कहा कि केले के वेस्ट मटेरियल से फर्टिलाइजर निर्माण, केले के फाइबर से कपड़ा एवं लेदर निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी बुरहानपुर नए आयाम स्थापित कर सकता है। बेहतर तकनीक आधारित डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर, रिसर्च आधारित कार्यप्रणाली तथा किसानों, उद्योगपतियों एवं शोध संस्थानों के समन्वय से जिले में बड़े स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर निर्मित किए जा सकते हैं।

 

श्रीमती चिटनिस ने बताया कि वर्तमान में बुरहानपुर जिले में लगभग 24 से 25 हजार एकड़ क्षेत्र में केले की खेती की जा रही है। यदि व्यवस्थित प्रसंस्करण, मार्केटिंग एवं वैल्यू एडिशन की दिशा में कार्य किया जाए तो बुरहानपुर देश का अग्रणी केला आधारित औद्योगिक मॉडल बन सकता है।

 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बुरहानपुर केवल केले की खेती तक सीमित न रहकर कृषि आधारित उद्योग, स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पाद एवं नवाचार आधारित प्रसंस्करण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान स्थापित करेगा। इस दिशा में राज्यपाल से सकारात्मक सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपेक्षा की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *