मौत का पुल! उफनते पानी में जान हथेली पर

Spread the love

घाघरला–डलमहू मार्ग पर पुल के ऊपर बहा बारिश का पानी, जान जोखिम में डालकर आवागमन को मजबूर ग्रामीण।

रिपोर्ट हरिओम राठौड़ 

बुरहानपुर। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। ग्राम घाघरला और डालमहू के बीच स्थित पुल पर शुक्रवार शाम पानी का तेज बहाव होने से आवागमन प्रभावित हो गया। इसके बावजूद ग्रामीण और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करने को मजबूर दिखाई दिए।

 

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में सामने आती है। सड़क का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पुल की ऊंचाई कम होने के कारण थोड़ी सी अधिक बारिश में ही पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है और बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है।

 

इससे दोनों गांवों का संपर्क बाधित हो जाता है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर जोखिम उठाकर पुल पार करना पड़ता है।

 

ग्रामीणों के अनुसार यदि पुल की ऊंचाई लगभग 5 फीट बढ़ा दी जाए, तो बारिश का पानी आसानी से नीचे से निकल सकेगा और पुल पर जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

 

ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल कई वर्षों पुराना और जर्जर हो चुका है। नया सड़क मार्ग बनने के बावजूद पुराने पुल का पुनर्निर्माण नहीं किया गया। केवल मरम्मत कर उसे उपयोग में रखा गया है, जिससे समस्या आज भी बनी हुई है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बरसात के दौरान लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुराने पुल के स्थान पर नया, मजबूत और ऊंचा पुल बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *