हुनर की कद्र, आत्मनिर्भरता की राह: पूजा से मिट्टी के बैल खरीदकर विधायक मंजू दादू ने दिया प्रोत्साहन

Spread the love

खरीदी मिट्टी के बैलों की जोड़ी 10वीं की छात्रा पूजा के हुनर को मिला विधायक मंजू दादू का साथ

– पढ़ाई के साथ हुनर की उड़ान, पोला पर्व के लिए मिट्टी के बैल बना रही निंबोला की बेटी

– वोकल फॉर लोकल से ही मजबूत होगा आत्मनिर्भर भारत

बुरहानपुर। क्षेत्र भ्रमण के दौरान नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू की नजर ग्राम निंबोला में कक्षा 10वीं की छात्रा पूजा मुकेश प्रजापति पर पड़ी। पूजा पोला पर्व के लिए अपने हाथों से मिट्टी के बैल तैयार कर रही थी। वह पूरी लगन से बैलों को आकार देने के साथ उन्हें रंग भी रही थी। पढ़ाई के साथ बेटी को यह हुनर अपनाते देख विधायक उसके पास बैठीं और बातचीत कर उसके काम की बारीकियां जानीं।

*विधायक ने किया प्रोत्साहित*

पूजा ने बताया कि वह पढ़ाई के बाद अपने खाली समय में मिट्टी के बैल बनाती है। इन्हें बेचने से उसे आमदनी भी होती है। विधायक ने उसके हुनर की सराहना करते हुए उसके द्वारा तैयार की गई बैलों की एक जोड़ी स्वयं खरीदी और उसे आगे भी इस कला को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।

*बाजार मिलेगा तो आत्मनिर्भरता बढ़ेगी*

विधायक मंजू दादू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को व्यवहार में उतारने की जरूरत है। हमारे गांवों और कस्बों में ऐसे अनेक प्रतिभाशाली कलाकार और कारीगर हैं, जो अपनी मेहनत से पारंपरिक वस्तुएं तैयार कर रहे हैं। पर्व-त्योहारों पर स्थानीय लोगों से खरीदारी मिलने पर इनका उत्साह बढ़ने के साथ इन्हें आर्थिक संबल भी मिलता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि पोला पर्व सहित अन्य त्योहारों पर स्थानीय कलाकारों और कारीगरों से बनी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। इससे स्थानीय हुनर को प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी। स्थानीय हुनर को खरीदना केवल खरीदारी नहीं, बल्कि मेहनत और प्रतिभा का सम्मान है। पढ़ाई के साथ अपने हुनर से आगे बढ़ रही पूजा जैसी बेटियों को प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *