ग्राम भोलाना के समीप 73.44 करोड़ की लागत से बनेगी बुरहानपुर जिला जेल, अर्चना चिटनिस ने किया निर्माण स्थल निरीक्षण।
बुरहानपुर 73 करोड़ 44 लाख की लागत से बनने वाली बुरहानपुर जिला जेल के निर्माण प्रारंभ करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। ग्राम पंचायत पातोंडा के ग्राम भोलाना के समीप जिला जेल एवं कर्मचारियों के आवास निर्माण के लिए 15 एकड़ भूमि का चयन कर जेल विभाग को आवंटित किया जा चुका है। टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण हो गई है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। जिला जेल के समीप गौशाला का निर्माण भी किया जाएगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि पूर्व में ग्राम बहादरपुर के समीप लगभग 12 एकड़ भूमि पर जिला जेल का निर्माण प्रस्तावित था। इस क्षेत्र में नवोदय विद्यालय सहित अन्य शैक्षणिक संस्थाओं का विस्तार होने से यह क्षेत्र तेजी से शैक्षणिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।
विद्यार्थियों और शैक्षणिक संस्थाओं के हित को ध्यान में रखते हुए यहां जिला जेल का निर्माण उचित नहीं लगा। इसके बाद वैकल्पिक स्थल की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और ग्राम पातोंडा पंचायत के भोलाना के समीप 15 एकड़ भूमि का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर को अपनी स्वतंत्र जिला जेल मिले, इसके लिए पिछले 19 वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब मंत्रि-परिषद की स्वीकृति, प्रशासकीय स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिला जेल निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
खंडवा से बंदियों को लाने-ले जाने की समस्या होगी समाप्त
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि वर्ष 2003 में खंडवा जिले से विभाजित होकर बुरहानपुर जिला अस्तित्व में आया, लेकिन जिला जेल की व्यवस्था अभी भी खंडवा से संचालित हो रही है। बुरहानपुर जिला न्यायालय एवं अन्य न्यायालयों में पेशी के लिए बंदियों को खंडवा से बुरहानपुर लाना-ले जाना पड़ता है। इससे पुलिस बल, वाहनों और समय का अतिरिक्त उपयोग होता है तथा गंभीर अपराधों में निरुद्ध बंदियों की सुरक्षा को लेकर भी चुनौतियां रहती हैं। बुरहानपुर में जिला जेल बनने से न्यायालयीन पेशियों के लिए बंदियों के आवागमन की यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त होगी और पुलिस बल एवं वाहनों की आवश्यकता में भी कमी आएगी।
7 अगस्त 2024 को मिली थी मंत्रि-परिषद की मंजूरी
श्रीमती चिटनिस नेे बताया कि जिला जेल निर्माण के लिए मुख्य अभियंता (भवन), लोक निर्माण विभाग इंदौर/भोपाल को 73 करोड़ 44 लाख का प्राक्कलन प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। लंबे प्रयासों के बाद 7 अगस्त 2024 को मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद ने जिला जेल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद जेल विभाग द्वारा ₹73 करोड़ 44 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
19 वर्षों के प्रयासों को मिला निर्णायक परिणाम
उल्लेखनीय है कि श्रीमती अर्चना चिटनिस पिछले 19 वर्षों से बुरहानपुर में जिला जेल निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत रही हैं। पूर्व में शहर के मध्य आवासीय क्षेत्र में जिला चिकित्सालय के स्थान पर जिला जेल निर्माण का प्रस्ताव था तथा जिला चिकित्सालय को शहर से लगभग 7 किलोमीटर दूर ले जाने की योजना थी। श्रीमती चिटनिस के प्रयासों और पहल के बाद शहर के मध्य जिला जेल के स्थान पर जिला चिकित्सालय के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके बाद ग्राम बहादरपुर के समीप जिला जेल के लिए भूमि चयन किया गया, लेकिन क्षेत्र के शैक्षणिक हब के रूप में विकसित होने के कारण स्थल परिवर्तन किया गया। अब भोलाना के समीप 15 एकड़ भूमि का चयन होने से जिला जेल निर्माण हो सकेगा। जिला जेल के समीप गौशाला का निर्माण भी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, आशीष शुक्ला, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, गौरव शिवहरे, ईश्वर चौहान, दुर्गेश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश पूर्वे, सुनील वाघे, नितिन महाजन, रवि काकड़े, चिंटू राठौड़, दीपक महाजन, भरत रावल एवं उमेश देवस्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।