वन विभाग का मेगा एक्शन: 90 से अधिक अमले की मौजूदगी में 30 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, विरोध करने पहुंचे लोग लौटे वापस
नेपानगर। डीएफओ विद्याभूषण सिंह के निर्देशन एवं एसडीओ विक्रम सुलिया के मार्गदर्शन में वन विभाग ने परिक्षेत्र नावरा की बीट डेहरिया के कक्ष क्रमांक 260 में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
इस दौरान नावरा रेंजर पुष्पेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में परिक्षेत्र नावरा, असीर, नेपानगर एवं धूलकोट के 70 से अधिक वनकर्मी तथा 20 सुरक्षा श्रमिक मौके पर मौजूद रहे। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली इस विशेष कार्रवाई में कुल 90 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोग विरोध के लिए पहुंचे, लेकिन वन विभाग का भारी संख्या बल देखकर बिना किसी विवाद के वापस लौट गए। वन विभाग ने पूरी मुस्तैदी और रणनीति के साथ अतिक्रमण को विफल करते हुए वन भूमि को मुक्त कराया।
वन विभाग के इस सख्त अभियान को क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।