शासन की योजनाएं अब सीधे जनता तक: कलेक्टर हर्ष सिंह ने जनकल्याण शिविरों की व्यवस्थाएं परखी

Spread the love

जनकल्याण शिविरों की व्यवस्थाओं का कलेक्टर श्री सिंह ने लिया जायजा

 

पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता

 

बुरहानपुर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश सहित जिले में आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा शिविर स्थलों पर काउंटर स्थापित कर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने, आवेदन प्राप्त करने तथा समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

 

*जनकल्याण शिविरों की कलेक्टर ने की मॉनीटरिंग, त्वरित निराकरण पर दिया जोर*

 

जिले में जनकल्याण शिविरों के सफल संचालन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सतत मॉनीटरिंग करते हुए कलेक्टर श्री हर्ष सिंह सोमवार को ग्राम पंचायत बहादरपुर में आयोजित जनकल्याण शिविर पहुंचे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था का जायजा लिया, पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों के काउंटरों का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

इसके पश्चात कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत रेडक्रॉस भवन एवं तिलक हॉल में आयोजित जनकल्याण शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों के लिए बेहतर एवं सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सरल और सुलभ वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से चर्चा कर उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

उल्लेखनीय है कि 12 जून से प्रारंभ हुए जनकल्याण शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी प्रदर्शित की गई है, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, एसडीएम श्री अजमेर सिंह गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *